मृतक की फाइल फोटो व पुलिस जांच में जुटी
जागरण टीम,आरा/कोईलवर(भोजपुर)। भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र के फरहंगपुर गांव में गुरुवार की देर रात एक दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मृतक 35 वर्षीय राजेश कुमार और उनकी 26 वर्षीय पत्नी सोनी देवी का शव शुक्रवार की सुबह एक ही कमरे में अलग-अलग हालत में पाया गया। सूचना मिलते ही एसडीपीओ-टू रंजीत कुमार सिंह और थानाध्यक्ष राकेश रोशन पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
एसडीपीओ ने बताया कि सोनी देवी का शव कमरे की फर्श पर मिला, जिनके गले पर धारदार हथियार से कटे होने का निशान पाया गया है।
वहीं पति राजेश कुमार का शव पंखे से लटका मिला, जिसे ग्रामीणों ने नीचे उतार लिया था। कमरे में टूटे हुए चूड़ी बिखरे मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि दोनों के बीच आपसी कलह को लेकर वाद-विवाद हुआ।
जिसके बाद पति द्वारा पत्नी की हत्या कर खुद फंदे से लटकने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार राजेश दो माह पहले गुजरात से गांव लौटा था, जबकि, सोनी पिछले दो माह से बिहटा में किराए के मकान में रहकर धागा फैक्ट्री में काम कर रही थी।
वह एक दिन पहले मतदान करने फरहंगपुर आई थी। दंपती के दो बच्चे नौ वर्षीय खुशी और छह वर्षीय प्रेम घटना के समय ऊपर के कमरे में चाची के साथ सो रहे थे।
परिजनों ने बताया कि दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। मृतक की मौसी प्रमिला देवी ने बताया कि दो माह पहले राजेश जब गुजरात से बिहटा पत्नी के पास गया तो उसने उसे किराये के मकान में घुसने नहीं दिया था।
राजेश और सोनी की शादी 2011 में पटना के नोबतपुर निवासी सोनी के मायके में हुई थी। दोनों शादी के बाद गुजरात में रहते थे, लेकिन झगड़े के बाद डेढ़ वर्ष पहले सोनी मायके आ गई थी।
जो माँ के साथ रहती थी , फिर दो महीने से बिहटा में किराए के मकान में रहती थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। |