भभुआ में बदलता हुआ दिख रहा समीकरण
जागरण संवाददाता, भभुआ। भभुआ विधानसभा क्षेत्र इस बार सबसे हॉट सीट बन गई है। अब इस सीट पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। बीते दिनों बसपा के द्वारा जिले की तीन विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की गई।
जिसमें भभुआ से विकास सिंह उर्फ लल्लू पटेल को प्रत्याशी घोषित किया गया। उनके नाम की घोषणा होते ही भभुआ विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरम हो गया। अब सबकी नजरें अन्य दलों के प्रत्याशियों की घोषणा पर अटकी हैं। खास कर एनडीए व महागठबंधन में। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
भभुआ विधानसभा सीट से राजद से निर्वाचित विधायक भरत बिंद के भाजपा में चले जाने से इस सीट पर उनके चुनाव लड़ने की चर्चा तेज है। जबकि महागठबंधन में दावदारों की सूची तो लंबी है लेकिन अभी स्पष्ट कुछ नहीं है। फिर भी इस बार भभुआ विधानसभा क्षेत्र में बसपा की स्थिति मजबूत मानी जा रही है।
2005 में बसपा को मिली थी जीत
भभुआ विधानसभा सीट से बसपा की 2005 में जीत हुई थी। इस बार के चुनाव में 2005 वाली स्थिति बनने की संभावना है। हालांकि फिलहाल क्षेत्र में अन्य दलों के प्रत्याशियों के घोषणा का इंतजार लोग कर रहे हैं।
वैसे भभुआ की जनता सभी पार्टियों को मौका देती हैं। भभुआ विधानसभा सीट से सबसे अधिक प्रतिनिधित्व कांग्रेस को करने का मौका मिला है। इसके बाद राजद को तीन बार, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया को दो बार, भाजपा को दो बार व बसपा के अलावे जनता पार्टी, प्रजा सोशलिस्ट पार्टी व जनसंघ को भी एक बार मौका मिला है।
इस तरह यहां लगभग सभी पार्टियों को ही जीत मिली है। लेकिन हर चुनाव में यहां बसपा की मजबूत दावेदारी के चलते मुकाबला त्रिकोणीय हो जाता है। लेकिन इस बार बन रहे समीकरण से यह संभावना जताई जा रही है कि इस बार मुकाबला त्रिकोणीय नहीं बल्कि बसपा से आमने-सामने का होगा। |