बिहार विधानसभा चुनाव 2025
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में अकेले मैदान में उतरेगी। उत्तर प्रदेश में सरकार में शामिल एसबीएसपी ने बुधवार को बिहार विधानसभा चुनाव-2025 के लिए अपनी पार्टी के 47 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की है।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ शशि भूषण प्रसाद ने बताया कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव-2025 के लिए पटना में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने प्रत्याशियों की सूची जारी की। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविन्द राजभर ने औपचारिक रूप से यह सूची जारी की। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शक्ति सिंह , राष्ट्रीय महासचिव शशिभूषण प्रसाद, संगठन प्रभारी बिहार रितेश राम , प्रदेश अध्यक्ष उदयनारायण राजभर तथा महिला अध्यक्ष श्रीमती अंजलि राजभर जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
डॉ. अरविन्द राजभर ने इस अवसर पर कहा कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी सामाजिक न्याय, समान अधिकार और समान अवसर की लड़ाई लड़ रही है। बिहार की जनता के आशीर्वाद से पार्टी सशक्त विकल्प बनकर उभर रही है। हम समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने आगे बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के मार्गदर्शन में बिहार संगठन निरंतर सशक्त हुआ है और आज पार्टी राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में मजबूत दावेदारी के साथ मैदान में है।
डॉ. राजभर ने कहा कि पार्टी के प्रत्येक प्रत्याशी को जनता के मुद्दों पर संघर्ष करने वाला जमीनी कार्यकर्ता चुना गया है। पार्टी का लक्ष्य बिहार में सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार और सुशासन की नई मिसाल कायम करना है। |