हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में एसएफआइ और एबीवीपी के कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में वीरवार को एसएफआइ और एबीवीपी के कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। यह झड़प सुबह गेट पर नए छात्रों के स्वागत के दौरान हुई। दोनों ही छात्र संगठनों के छात्र विश्वविद्यालय में आने वाले छात्रों का स्वागत कर रहे थे। इस दौरान कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
इस दौरान जमकर लात-घूंसे चले और तेजधार हथियार से भी हमला किया। हमले में छह से अधिक छात्र घायल हुए हैं। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में तनाव का माहौल है। इस मामले में दोनों पक्षों ने पुलिस थाना बालूगंज शिकायत दी है। पुलिस ने एबीवीपी की शिकायत पर एफआइआर दर्ज कर ली है।
एबीवीपी की विश्वविद्यालय इकाई के अध्यक्ष अक्षय ने आरोप लगाया कि सुबह उनके पांच कार्यकर्ता गेट पर छात्रों का स्वागत कर रहे थे। इसी समय एसएफआइ के लगभग 25 कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि एसएफआइ के कार्यकर्ता विश्वविद्यालय का माहौल खराब कर रहे हैं। |