राजकोट। गुजरात के राजकोट में एक दर्दनाक हादसे में कम से कम 4 लोगों की मौत हुई है, जबकि लगभग 10 लोग घायल हुए हैं। यह घटना चोटिला-राजकोट नेशनल हाईवे पर हुई, जहां टैंकर से टकराने के बाद एक बस में आग लग गई। आग पर काबू पाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चोटिला तालुका के सांगाणी गांव के पास डामर से भरे टैंकर का टायर फटा था, जिससे वह अनियंत्रित हो गया। इसी दौरान, वहां से गुजर रही एक ट्रैवल्स बस उससे टकरा गई। टक्कर के बाद शॉर्ट सर्किट होने से बस में आग लग गई और चीख पुकार मच गई।
आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। अफरातफरी में बस से लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक कुछ लोग आग की चपेट में आ गए। आनन-फानन में पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। हालांकि, कुछ ही देर में बस जलकर राख हो चुकी थी। बताया गया है कि यह बस अहमदाबाद से राजकोट जा रही थी, जिसमें करीब 40 यात्री सवार थे। अधिकतर लोगों को बचा लिया गया।
सूचना के बाद पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी थी और करीब 10 लोग घायल हुए। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। इसके साथ ही, मृतकों के शवों को कब्जे में लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि घायलों को आगे के इलाज के लिए राजकोट सिविल अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि मृतकों के शव चोटिला रेफरल अस्पताल में रखे गए हैं। हालांकि, अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हुई है।
इससे पहले, बुधवार को तमिलनाडु के तिरुप्पुर में कार और लॉरी की टक्कर में छह लोग मारे गए। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना वेल्लाकोविल में करूर राष्ट्रीय राजमार्ग पुलिस चौकी के पास तब हुई, जब अधिकारी सड़क के बीच में लगे डिवाइडर से टकराई एक लॉरी को हटाने में लगे हुए थे।

Deshbandhu Desk
Rajkot Highway Accident (राजकोट हाईवे हादसा) Bus Tanker Collision (बस टैंकर टक्कर) Gujarat Road Accident (गुजरात सड़क दुर्घटना)
Next Story |