नई दिल्ली। तमिलनाडु की राजनीति में एक बार फिर विपक्ष के नेता और पूर्व मंत्री उदयनिधि स्टालिन के बयान को लेकर विवाद तेज हो गया है। भाजपा नेता बृज भूषण शरण सिंह ने सनातन धर्म पर उदयनिधि स्टालिन की टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
बृज भूषण ने कहा कि उदयनिधि स्टालिन जैसे लोग रावण और हिरण्यकश्यप के वंशज हैं। साथ ही, भाजपा नेता ने पहलवान विनेश फोगाट द्वारा लगाए गए आरोपों का भी जवाब दिया।
भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि उदयनिधि स्टालिन जैसे लोग रावण और हिरण्यकश्यप के वंशज हैं। सनातन ही सत्य है, इसको कोई मिटा नहीं सकता है।
उन्होंंने कहा कि सनातन को हर युग में चुनौती मिली है। इसी क्रम में कलियुग में भी चुनौती मिल रही है। लेकिन यह आसुरी और दैवीय शक्तियों के बीच में हमेशा ऐसा हुआ है। कुछ लोग बचे हैं, ये जल्द ही समाप्त हो जाएंगे।
दरअसल, डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन ने कहा है कि वह सनातन, जो लोगों के बीच भेदभाव करता है, उसको खत्म करना ही होगा।
पहलवान विनेश फोगाट के मामले को लेकर किए गए एक सवाल के जवाब में बृज भूषण सिंह ने कहा कि इस देवी ने जो आरोप मुझ पर लगाया है, उसी से निपट रहे हैं। मामला कोर्ट में चल रहा है। कुश्ती कहां होगी यह मेरा विषय नहीं है। यह वर्तमान में भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) का विषय है।
उन्होंने कहा कि चूंकि मैं भारतीय कुश्ती संघ का लंबे समय तक अध्यक्ष रह चुका हूं, इसलिए अपने अनुभव के आधार पर कह सकता हूं कि डब्ल्यूएफआई किसी खिलाड़ी को खेलने से नहीं रोकती है, क्योंकि कुश्ती संघ खिलाड़ियों के लिए ही बनी है। अगर किसी को रोका गया होगा तो उसका कारण जरूर बताया गया होगा।

Deshbandhu Desk
Brij Bhushan's Scathing Attack on Udhayanidhi Stalin: "Descendants of Ravan and Hiranyakashyap"
Next Story |