सांकेतिक तस्वीर (सौजन्य- AI Generated Image)
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। महेंद्रा पार्क थाना क्षेत्र स्थित आजादपुर सब्जी मंडी के पास सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक वर्षीय मासूम बच्ची को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची की शिनाख्त दुर्गा के रूप में हुई है।
बच्ची सब्जी बेच रही अपनी मां के पास सड़क किनारे सो रही थी। हादसे के बाद वाहन को मौके पर छोड़कर चालक भाग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस चालक की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक बच्ची अपनी मां निर्मला देवी, पिता अशोक मंडल और छह भाई बहन के साथ केला गोदाम शालीमार बाग की झुग्गी में रहती थी। परिवार मूलरुप से बिहार के भागलपुर का रहने वाला है। निर्मला आजादपुर सब्जी मंडी के पास प्याज बेचती है, जबकि अशोक मजदूरी करते हैं।
सड़क किनारे सो रही थी बच्ची
महेंद्र पार्क थाने में दर्ज प्राथमिकी में निर्मला देवी ने बताया कि सोमवार को करीब 3:30 बजे दोपहर उन्होंने अपनी एक साल की सबसे छोटी बेटी दुर्गा को अपने पास सड़क की ओर सुलाकर प्याज बेच रही थी। वह अपने काम में व्यस्त थीं। इसी दौरान आजादपुर मंडी के गेट नंबर-1 की ओर से एक ट्रक चालक लापरवाही से वाहन चलाते हुए आया।
ट्रक का अगला बायां पहिया सो रही बच्ची के ऊपर चढ़ा दिया। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। मां के शोर मचाने पर चालक ट्रक छोड़कर वहां से भाग गया। पड़ोसी पल्लेदार कुलदीप की मदद से निर्मला देवी ने घायल बेटी के बैट्री रिक्शा से बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक शाम 4:30 बजे पुलिस को घटना की जानकारी मिली। अस्पताल पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल पर ट्रक को जब्त कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपिच चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने से मौत का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपित चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
 |