आठवें वेतन आयोग: कर्मचारियों को 5 प्रमोशन, पेंशनर्स को भी मिल सकती है बड़ी राहत
नई दिल्ली| केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। आठवें वेतन आयोग (8th Pay Commission) में हर कर्मचारी को कम से कम 5 प्रमोशन देने की मांग तेज हो गई है।
बुधवार, 25 फरवरी को नई दिल्ली में हुई नेशनल काउंसिल (स्टाफ साइड) जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) की अहम बैठक में वेतन, प्रमोशन और पेंशन से जुड़े कई बड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में डिफेंस, रेलवे और पोस्टल विभाग समेत कई कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। संगठनों ने साफ कहा कि इस बार वेतन आयोग में कर्मचारियों के करियर ग्रोथ पर खास फोकस होना चाहिए।
मांग रखी गई कि हर केंद्रीय कर्मचारी को सेवा काल में कम से कम 5 प्रमोशन सुनिश्चित किए जाएं, ताकि जूनियर स्तर पर सालों तक फंसे रहने की समस्या खत्म हो।
बेसिक सैलरी और प्रमोशन पर क्या बात हुई?
ऑल इंडिया डिफेंस एम्प्लॉइज फेडरेशन के महासचिव सी. श्रीकुमार ने बताया कि,
न्यूनतम बेसिक पे, प्रमोशन पॉलिसी और सालाना वेतन वृद्धि पर सहमति बनाने की कोशिश की गई है। अगले 10-15 दिनों में सभी संगठन अपनी मांगें भेजेंगे, जिनके आधार पर एक साझा ज्ञापन तैयार होगा। यह ज्ञापन आठवें वेतन आयोग की अध्यक्ष जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई (Ranjana Prakash Desai) को सौंपा जाएगा। 10 मार्च के बाद होने वाली बैठक में इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।
बैठक में उठा फैमिली यूनिट का मुद्दा!
फैमिली यूनिट बढ़ाने का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठा। अभी वेतन तय करते समय परिवार की 3 इकाइयां मानी जाती हैं, लेकिन संगठनों ने इसे बढ़ाकर 5 करने की मांग की है, ताकि माता-पिता को भी शामिल किया जा सके। बढ़ती महंगाई और जिम्मेदारियों को देखते हुए इसे जरूरी बताया गया।
वेतन असमानता पर भी सवाल उठे। फिलहाल 7वें वेतन आयोग में अधिकतम बेसिक पे, न्यूनतम वेतन का 13 गुना तक है। इसे घटाकर 10 गुना करने का प्रस्ताव रखा गया है, ताकि अंतर कम हो।
यह भी पढ़ें- 8th Pay Commission पर दो घंटे चली मीटिंग खत्म: फिटमेंट फैक्टर, सैलरी से अलाउंस तक, किन मुद्दों पर बनी सहमति?
NPS, UPS और OPS पर भी हुई बात
पेंशन को लेकर भी कर्मचारियों ने साफ रुख दिखाया। नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) और यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) को खत्म कर ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) बहाल करने की मांग दोहराई गई। पेंशनर्स के लिए CGHS सुविधा न होने वाले शहरों में 1,000 रुपए मासिक भत्ता बढ़ाकर 20,000 रुपए करने की मांग भी रखी गई।
यानी यह साफ है कि आठवें वेतन आयोग को लेकर कर्मचारी संगठनों ने दबाव बढ़ा दिया है। अब नजर 10 मार्च के बाद होने वाली बैठक पर है, जहां 5 प्रमोशन और पेंशन सुधार पर आगे की दिशा साफ हो सकती है।
बता दें कि आठवें वेतन आयोग का सीधा असर देश के 50 लाख से ज्यादा केंद्रीय कर्मचारी, 69 लाख से ज्यादा पेंशनर्स और उनके परिवारों पर पड़ेगा। जिसके लागू होने का वो बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।  |