LHC0088 • 3 hour(s) ago • views 214
खगड़िया-बिहपुर-पूर्णिया NH 31 फोरलोन निर्माण जल्द होगा शुरू (AI Generated Image)
संवाद सूत्र, बिहपुर। नवगछिया व बिहपुर विस क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों पर क्षेत्रीय विधायक इ. शैलेंद्र ने दुख जताया है। उन्होंने हादसों का मुख्य कारण वाहन चालकों द्वारा ट्रैफिक नियमों का पालन न करना बताया है। वहीं, फोरलेन सड़क बन जाने के बाद इस प्रकार के हादसों पर भी विराम लग जाएगा।
विधायक ने कहा कि एक तरफ गंगा पर बना भागलपुर विक्रमशिला सेतु दक्षिण बिहार समेत सहित झारखंड को जोड़ता है। वहीं, बिहपुर से वीरपुर नेपाल के सीमा तक बन रहा एनएच 106 पुल व पथ के निर्माण के बाद अंगप्रदेश का यह क्षेत्र सीधे मिथिला क्षेत्र से जुड़ जाएगा। फिलहाल, एनएच 31 पर वाहनों का भारी भीड़ व दवाब है।
सूबे के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी से बात कर विधायक शैलेंद्र ने बताया कि खगड़िया से पूर्णिया एनएच 31 तक फोरलेन के लिए परियोजना का डीपीआर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। 140 किलोमीटर लंबाई वाले इस परियोजना में कुल भूमि की आवश्यकता 890 हेक्टेयर है। जिसमें उपलब्ध भूमि 770 हेक्टेयर है, जबकि 120 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण किया जाएगा।
विधायक ने इस परियोजना का अनुमानित लागत 13 सौ करोड़ बताया। यह एनएच-31 का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह महत्वपूर्ण परियोजना खगड़िया से शुरू होकर महेशखूंट, नारायणपुर, बिहपुर, नवगछिया व कुर्सेला होते हुए पूर्णिया तक जाती है।
वहीं, नवगछिया भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने बताया कि विधायक ने राज्य के उद्योग एव पथ निर्माण मंत्री सह भागलपुर जिला के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल से बात करने के बाद कहा कि खगड़िया से पूर्णिया फोरलेन एनएच-31 का निर्माण जल्द शुरू होगा। इसके बाद पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस हाईवे का तोहफा भी मिलेगा, जो इसी के आगे से गुजरेगा। साथ ही एक और हाईवे मिलेगा।  |
|