22 लाख का इनामी नक्सली करने वाला था सरेंडर
संवाद सहयोगी, संबलपुर। हाल ही में कंधमाल जिला में सुरक्षा बल और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो नक्सलियों के मारे जाने के बाद अब एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। कंधमाल जिला में सक्रिय केकेबीएन डिविजन के इनामी और कुख्यात नक्सली अन्वेश की हत्या कर उसका शव दारिंगबाड़ी थाना अंतर्गत ताराबाड़ी जंगल में दफना दिया गया था।
मंगलवार के दिन अन्वेश का सड़ा गला शव मिलने के बाद बुधवार के दिन साइंटिफिक टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरु की।
सरेंडर से पहले ही हत्या
जिला पुलिस अधीक्षक हरिश बी.सी. ने प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अन्वेश अपनी टीम के दर्जन भर सदस्यों के साथ सरेंडर करना चाहता था, लेकिन सरेंडर से पहले ही उसकी हत्या कर दी गई। उसकी हत्या के पीछे केकेबीएन डिविजन के एरिया कमेटी मेंबर शुकरु का हाथ होने का संदेह जताया जा रहा है।
शुकरु ने बीते 29 जनवरी 2026 को अन्वेश को मारकर जंगल में दफना दिया गया था। मंगलवार, 24 फरवरी के दिन अन्वेश के शव को जमीन से खोदकर निकाला गया और पोस्टमार्टम कराई गई। इस बारे में दारिंगबाड़ी पुलिस स्टेशन में मर्डर केस दर्ज किया गया है।
अन्वेश पर था 22 लाख का इनाम
बताया गया है कि अन्वेश का घर छत्तीसगढ़ के बीजापुर में है। उसके सिर पर 22 लाख रुपये का इनाम था। कंधमाल SP ने बताया कि अन्वेश सरेंडर करना चाहता था और शुकरू ने उसे मार डाला।
 |
|