हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलटी बस
जागरण संवाददाता, अनुगुल। गुरुवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर अत्ताबीरा के पास दमदमा पुल पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। संबलपुर से बरगढ़ जा रही निजी बस ‘बंटी’ अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ, जब बस पुल पार कर रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस जैसे ही दमदमा पुल के बीचो बीच पहुंची, चालक वाहन पर संतुलन खो बैठा। बताया जा रहा है कि पुल पर अचानक फिसलन के कारण बस अनियंत्रित हो गई और एक ओर झुककर रुक गई। कुछ यात्रियों के सीटों के बीच फंस जाने से अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई।
घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे और बस के भीतर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। तत्पश्चात अत्ताबीरा पुलिस और आपातकालीन सेवा दल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार अधिकांश यात्रियों को हल्की व मध्यम चोटें आई हैं, जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल यात्रियों ने बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पतालों का रुख किया।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को हटवाकर मार्ग को सामान्य कराया। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।  |