घर खाली कराने पहुंचे निलंबित एसआई का विरोध करते स्थानीय लोग।(सौ. इंटरनेट मीडिया)
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। ब्रह्मपुरा थाना इलाके के सोडा गोदाम चौक इलाके में बुधवार की रात अधिवक्ता विजय प्रसाद और राजू कुमार के पैतृक आवास खाली कराने पहुंचे निलंबित पुलिसकर्मी का लोगों ने विरोध जताया।
लोगों ने विरोध जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा के दौरान लोगों की भीड़ जुट गयी। इस बीच पुलिसकर्मी अपनी पिस्टल निकाल लिया।
आरोप है कि पिस्टल दिखाते हुए लोगों पर कार्रवाई करने की धमकी देने लगा। हालांकि, लोगों की भीड़ और आक्रोश को देखते हुए पुलिसकर्मी वहां से निकल गए। सूचना पर गश्ती दल के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
न्यायालय में चल रहा मामला
पीड़ित राजू कुमार ने बताया कि मामला लंबे समय से न्यायालय में चल रहा है। अचानक रात साढ़े आठ बजे निलंबित एसआई सुजीत कुमार निजी वाहन से उनके घर के पास पहुंचे। जबरन उनके घर में घुस गए।
पिस्टल दिखाकर मारपीट व गाली-गलौच करते हुए घर खाली करने की धमकी देने लगे। पूर्व में भी उन्होंने धौस जमाकर उनके घर में बैगर किसी आदेश के सीसी कैमरा लगा दिया था।
इसकी शिकायत उन्होंने वरीय पुलिस पदाधिकारी से किया था। राजू ने बताया कि एसआई सुजीत कुमार वर्तमान में ब्रह्मपुरा थाना से निलंबित है। इसके बाद भी पुलिस का रौब दिखाते हुए उनके साथ जबरन घर खाली करने का दबाव बना रहे थे।
ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की शिकायत मिली है। पीड़ित को आवेदन देने के लिए कहा गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि कराये पर मकान लेने के लिए दारोगा गए थे।
घटना की शिकायत मिली है। इसका वीडियो भी मिला है। इसमें दोनों के बीच बातचीत हो रही है। पिस्टल निकालने की बात सामने नहीं आई है। सभी बिंदुओं पर जांच कराई जा रही है। जांच के बाद पूरा मामला स्पष्ट होगा। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -
मो. मोहिबुल्लाह अंसारी, सिटी एसपी  |