आनलाइन सेवाएं होंगी प्रभावित, राशन वितरण नहीं रुकेगा। फाइल फोटो
राज्य ब्यूरो, देहरादून। खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग प्रदेश के सभी 24 लाख राशन कार्डों को राशन कार्ड प्रबंधन प्रणाली से एकीकृत राशन कार्ड प्रबंधन प्रणाली पर ट्रांसफर करने जा रहा है। यह नया केंद्रीयकृत प्लेटफार्म है। भारत सरकार के निर्देश पर सभी प्रदेशों के राशन कार्ड इस नए पोर्टल पर स्थानांतरित किए जा रहे हैं, ताकि देशभर में एक समान राशन कार्ड प्रणाली लागू की जा सके।
राज्य में राशन कार्ड स्थानांतरण का कार्य 26 फरवरी से सात मार्च, 2026 तक किया जाएगा। इसके चलते पुराने राशन कार्ड पोर्टल की सभी आनलाइन सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी। इस अवधि में नए राशन कार्ड बनाने, नाम जोड़ने-हटाने, डीलर शिफ्टिंग, डीलर मैपिंग और अन्य आनलाइन संशोधन कार्य नहीं हो सकेंगे। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमित राशन वितरण पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। सार्वजनिक वितरण प्रणाली पहले की तरह संचालित रहेगी। आठ मार्च, 2026 के बाद नई प्रणाली से सभी सेवाएं पुनः सुचारू हो जाएंगी।
खाद्य नागरिक आपूर्ति आयुक्त रुचि मोहन रयाल ने सभी जिला पूर्ति अधिकारियों को निर्देश दिए कि समय रहते उपभोक्ताओं को सूचना दी जाए और इंटरनेट मीडिया, प्रिंट मीडिया व स्थानीय माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। साथ ही राशन कार्ड स्थानांतरण अवधि में हेल्पडेस्क व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। विभाग के अनुसार एकीकृत राशन कार्ड प्रबंधन प्रणाली लागू होने से सभी राज्यों का राशन कार्ड डेटा एक ही प्लेटफार्म पर आ जाएगा। वितरण सेवाओं में पारदर्शिता आएगी तथा वन नेशन, वन राशन कार्ड योजना को मजबूती मिलेगी।
एकीकृत प्लेटफार्म से फायदे
- पूरे देश का राशन कार्ड डेटा एक ही प्लेटफार्म पर उपलब्ध होगा।
- नागरिकों को एक समान पोर्टल पर सेवाएं मिलेंगी।
- काम की प्रक्रिया तेज और अधिक आसान होगी।
- भविष्य की नई योजनाओं को लागू करना सरल और तकनीकी रूप से मजबूत होगा।
यह भी पढ़ें- राशन कार्ड की ई-केवाईसी नहीं कराई तो कटेगा नाम, 28 फरवरी है लास्ट डेट
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में 10 दिन तक बंद रहेंगी राशन कार्ड की ऑनलाइन सेवाएं, ये है वजह  |