रिंकू सिंह के पिता नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ओमेगा-एक स्थित यथार्थ अस्पताल में भर्ती भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खांचेंद्र सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पताल के मुताबिक वह क्रिटिकल केयर यूनिट में हैं और उन्हें मेकेनिकल वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
साथ ही निरंतर रेनल रिप्लेसमेंट थेरेपी भी चल रही है। जानकारी के मुताबिक रिंकू के पिता को चौथे चरण का लिवर कैंसर है। उधर रिंकू सिंह टी-20 वर्ल्ड कप के लिए टीम में शामिल होने को बुधवार शाम रवाना हो गए। बृहस्पतिवार को भारत का जिम्बाब्वे के साथ मैच है।
रिंकू सिंह के पिता को दो दिन पहले गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब एक वर्ष पहले कैंसर से ग्रस्त होने की जानकारी हुई थी। अब एडवांस लेवल पर कैंसर पहुंचने के कारण लिवर भी बीमारी की चपेट में आ गया है।
सूचना मिलते ही रिंकू मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अस्पताल पहुंचे और डाक्टरों से जानकारी ली। टी-20 वर्ल्ड कप के बीच रिंकू सिंह पिता से मिलने पहुंचे, उन्हें देख परिवार को लोग भावुक हो गए। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक लगातार निगरानी रखी जा रही है। रिंकू सिंह को भी पल-पल अपडेट किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- आज से चार दिनों तक सिटी पार्क में दिखेगी फूलों की दुनिया, एक लाख से अधिक फूलों का होगा प्रदर्शन  |