यमुना विहार में अवैध निर्माण पर चलता बुलडोजर।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। नगर निगम शाहदरा उत्तरी जोन की टीम ने बुधवार को अवैध इमारत के बड़े हिस्से को ध्वस्त कर दिया। निगम के अनुसार इमारत को अवैध निर्माण के चलते सील कर दिया गया था। यहां लोग सील तोड़कर रह रहे थे।
स्थानीय पार्षद प्रमोद गुप्ता ने बताया कि सी-7 इमारत में अवैध निर्माण किया गया था। इसके चलते कुछ समय पहले इसे सील कर दिया गया था। इसके बावजूद यहां लोग सील तोड़कर रहे रहे थे।
पार्षद ने बताया कि जब निगम की टीम अवैध निर्माण तोड़ने पहंची तब भी दो गाड़ियां मकान के अंदर खड़ी थीं। इसके बाद इमारत की बालकनी व अन्य हिस्सों को तोड़ने की कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि अवैध निर्माण और असामाजिक गतिविधियों में लिप्त किसी भी इमारत को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में भी कार्रवाई जारी रहेगी।
निगम से सांठगांठ कर लगातार बन रही अवैध इमारतें
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि एमसीडी के अधिकारी बिल्डरों के साथ सांठगांठ कर लगातार अवैध इमारतें बनने दे रहे हैं। एक परिवार के स्थान पर जब इमारत में चार-पांच परिवार रहने लगते हैं तो सीवर और पानी की समस्या उत्पन्न हो जाती है। मिलीभगत कर इमारतें बनवाने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- 500 किमी अविरल निर्मल यमुना पदयात्रा दिल्ली पहुंची, जल सहेलियों का जोरदार स्वागत; राजघाट पर होगा समापन  |
|