search

सुपौल में बकाया किराये के चलते स्कूल का गेट जाम, दर्जनों स्टूडेंट्स की पढ़ाई बाधित

LHC0088 3 hour(s) ago views 910
  

घर का भाड़ा भुगतान नहीं होने पर विद्यालय का किया गेट जाम



संवाद सूत्र, सरायगढ़ (सुपौल)। सरायगढ़ भपटियाही प्रखंड के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय मुसहरी टोला, नारायणपुर में बुधवार को घर का बकाया भाड़ा भुगतान नहीं होने के कारण घर मालिक ने विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार को कांटा लगाकर जाम कर दिया। इस घटना के चलते विद्यालय में अध्ययनरत दर्जनों छात्र-छात्राएं स्कूल में प्रवेश नहीं कर सके और पूरे दिन की पढ़ाई बाधित हो गई।

बताया गया कि विद्यालय का संचालन स्थानीय एक व्यक्ति की निजी भूमि एवं भवन में वर्षों से किया जा रहा है। इसके एवज में विद्यालय प्रबंधन द्वारा प्रति माह एक हजार रुपये किराया दिए जाने की व्यवस्था थी। इस वर्ष किराये का भुगतान समय पर नहीं हो पाने के कारण विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।

बुधवार की सुबह जब बच्चे और शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि विद्यालय के गेट पर कांटा लगाकर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया है। गेट बंद होने के कारण न तो बच्चे विद्यालय में प्रवेश कर सके और न ही शिक्षक अंदर जा पाए। स्थिति देखकर बच्चों को निराश होकर वापस घर लौटना पड़ा।

इससे अभिभावकों में भी रोष और चिंता का माहौल देखा गया। विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि संबंधित भूमि स्वामी लंबे समय से बकाया किराये की मांग कर रहे थे। उनका कहना है कि एक वर्ष से किराया नहीं मिला है और बार-बार कहने के बावजूद विद्यालय प्रधान द्वारा भुगतान को लेकर टालमटोल किया जा रहा है। इसी आक्रोश में आकर उन्होंने विद्यालय का प्रवेश द्वार बंद कर दिया।

इस संबंध में विद्यालय के शिक्षक अमरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना के दिन विद्यालय प्रधान अवकाश पर थे। फोन पर संपर्क करने पर प्रधान ने कहा कि विद्यालय का किराया प्रतिवर्ष दिया जाता है, लेकिन इस बार कुछ प्रशासनिक कारणों से भुगतान में देरी हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि समस्या का समाधान शीघ्र कर लिया जाएगा।

जानकारी हो कि इस विद्यालय में नामांकित अधिकांश छात्र-छात्राएं महादलित वर्ग से आते हैं, जिनके लिए यह विद्यालय शिक्षा का एकमात्र सहारा है। गेट जाम होने से इन बच्चों की पढ़ाई रुक जाना न केवल शिक्षा के अधिकार का उल्लंघन है, बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता पर भी सवाल खड़े करता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह अपने आप में पहली घटना है, जब किसी सरकारी विद्यालय के गेट को किराये के विवाद के कारण जाम किया गया हो। लोगों ने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेकर बकाया भुगतान की व्यवस्था की जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई दोबारा सुचारू रूप से शुरू हो सके और भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।   
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
165816