कोलकाता-बीकानेर प्रताप एक्सप्रेस।
जागरण संवाददाता, धनबाद। होली पर्व को देखते हुए राजस्थान जाने वाली ट्रेनों में बढ़ती भीड़ के मद्देनजर रेलवे ने अतिरिक्त कोच जोड़ने का निर्णय लिया है। लंबी वेटिंग लिस्ट और अधिकांश ट्रेनों में ‘नो रूम’ की स्थिति को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है, जिससे यात्रियों को राहत मिल सके।
रेलवे के अनुसार, 19607 कोलकाता-मदार एक्सप्रेस में 5 मार्च से 2 अप्रैल तक एक सेकंड एसी का अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा। वहीं, 19608 मदार-कोलकाता एक्सप्रेस में 2 मार्च से 30 मार्च तक एक सेकंड एसी कोच बढ़ाया जाएगा।
इसी तरह, 12987 सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस में 2 मार्च से 1 अप्रैल तक तथा 12988 अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस में 1 मार्च से 31 मार्च तक एक फर्स्ट एसी का अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा।
इसके अलावा, 12495 बीकानेर-कोलकाता प्रताप एक्सप्रेस में 5 मार्च से 26 मार्च तक तथा 12496 कोलकाता-बीकानेर प्रताप एक्सप्रेस में 6 मार्च से 27 मार्च तक एक थर्ड एसी और एक स्लीपर कोच अतिरिक्त रूप से जोड़े जाएंगे।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि होली के दौरान बड़ी संख्या में यात्री राजस्थान और पश्चिम बंगाल के बीच आवागमन करते हैं। अतिरिक्त कोच जुड़ने से यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी और भीड़ का दबाव कम होगा।  |