जागरण संवाददाता, लखनऊ। होली के लिए अगर आप खाद्य सामग्री खरीद रहे हैं तो सावधान रहने की जरूरत है। होली में खपाने के लिए बााजार में खोआ, खाद्य तेल, मिठाइयां और नमकीन में मिलावट की जा रही है। बुधवार को जांच टीमों ने वाटर वर्क्स रोड स्थित स्वरूप कोल्ड स्टोरेज में रखा गया करीब सवा सौ क्विंटल खोया बरामद किया। इसी तरह कानपुर रोड पर एक प्रतिष्ठान से बीस क्विंटल से अधिक घटिया मिठाई और सोलह क्विंटल से अधिक खाद्य खाद्य तेल बरामद किया। प्रारंभिक जांच में जिसकी गुणवत्ता खराब पाई गई जिसके आधार पर जब्त कर लिया गया है। टीमों ने अलग अलग जगहों से एक दर्जन से अधिक नमूने लिए हैं जिनको जांच के लिए भेजा जा रहा है।
होली से पहले बड़े पैमाने पर खाद्य पदार्थों में मिलावटी की शिकायतें सामने आ रही हैं। त्योहार से चंद दिन पहले शुरू हुए एफएसडीए के अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में मिलावटी सामान पकड़ा जा रहा है। सहायक आयुक्त वीपी सिंह ने बताया कि खोया से लेकर घी, तेल और दूसरे तमाम खाद्य पदार्थों में गड़बड़ी सामने आ रही है।
बुधवार को एफएसडीए की टीम ने वाटर वर्क्स रोड पर कोल्ड स्टोरेज पर जांच की तो वहां दस कारोबारियों का करीब 12800 किग्रा खोया रखा पाया गया। इस खोया की कीमत करीब 32 लाख रुपये है। प्रारंभिक जांच के बाद खोआ की बिक्री को रोक दिया गया है। नमूने जांच के लिए भेजा गया है। इसी तरह ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पराग मिल्क फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड पर जांच के दौरान भी गंभीर खामियां सामने आईं। होली पर खपाने के लिए करीब 1998 किलोग्राम मिठाइयां बरामद हुईं।
खराब गुणवत्ता के कारण सभी को नष्ट करा दिया गया। यहीं पर 3240 लीटर डबल टोंड मिल्क को भी नष्ट कराया गया। यहीं पर गोदाम में करीब 1551 किग्रा घी पाया गया जिसकी गुणवत्ता ठीक नहीं होने के कारण बिक्री पर रोक लगा दी है। करीब पचास किग्रा चिप्स भी खराब गुणवत्ता के कारण सीज कर दिए गए।
पोटैटो चिप्स 49 किग्रा जिसका मूल्य 9000 रूपये है का सीजर किया गया। बुद्ध विहार पाल कालोनी बुद्धेश्वर में कारोबारी पंकज गुप्ता का करीब तीस किग्रा खोया बदबू आने के कारण नष्ट कराया गया और करीब 250 किग्रा खोया जांच रिपोर्ट आने तक बिक्री के लिए रोका गया है। इस प्रकार जेहटा माल रोड पर दो पिकअप वाहनों से करीब 113 किग्रा खोया तत्काल नष्ट कराया गया।
यह भी पढ़ें- घर से 11 KM दूर अनौरा के जंगल में जलाई थी खून लगी चादर, लखनऊ में पिता के टुकड़े करने वाला बेटा भेजा गया जेल  |
|