भुवनेश्वर में मचा हड़कंप
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। भुवनेश्वर के शैलाश्री विहार इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर में चूहे पकड़ने के लिए लगाए गए पिंजरे में लगभग साढ़े चार फीट लंबा कोबरा फंसा मिला। यह घटना शैलाश्री विहार स्थित एचआईजी-116 मकान की है, जहां स्थानीय निवासी सोम पटेल अपने परिवार के साथ रहते हैं।
जानकारी के अनुसार, घर में चूहों की समस्या से परेशान होकर परिवार ने पिंजरे वाला जाल लगाया था। सुबह जाल से आवाज आने पर परिजनों को लगा कि कोई चूहा फंस गया है, लेकिन पास जाकर देखने पर वे दंग रह गए। पिंजरे के अंदर एक जहरीला कोबरा नजर आया।
स्नेक हेल्पलाइन को दी गई सूचना
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सोम पटेल ने तुरंत स्नेक हेल्पलाइन से संपर्क किया। सूचना मिलते ही स्नेक हेल्पलाइन का एक सदस्य मौके पर पहुंचा और सावधानीपूर्वक कोबरा को पिंजरे से बाहर निकाला। बाद में उसे शहर से दूर सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
मौसम के कारण बढ़ रही घटनाएं
विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मी की शुरुआत और हाल की बारिश के चलते सांप अपने बिलों से बाहर निकल रहे हैं। भोजन और ठंडक की तलाश में वे अक्सर रिहायशी इलाकों में घुस आते हैं और घरों के आसपास छिपी जगहों- जैसे स्टोर रूम, एयर कंडीशनर यूनिट या अन्य बंद स्थानों में शरण ले लेते हैं।
सावधानी बरतने की अपील
वन्यजीव विशेषज्ञों और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सांप दिखने पर घबराएं नहीं और खुद पकड़ने की कोशिश न करें। ऐसे मामलों में तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या स्नेक हेल्पलाइन को सूचना दें, ताकि लोगों और वन्यजीवों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।  |
|