छात्रों पर बल प्रयोग कर खदेड़ते पुलिसकर्मी और अधिकारी। जागरण
संवाद सहयोगी, कल्याणपुर(कानपुर)। सचेंडी क्षेत्र स्थित पीएसआइटी कॉलेज में बुधवार को जबरदस्त हंगामा हुआ। छात्रों के आक्रोश के आगे पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज कर दिया। इससे छात्र और ज्यादा आक्रोशित हो गए और साथी छात्र की मौत के मुआवजे व जांच की मांग पर उनके स्वजनों के साथ धरने पर बैठ गए।
प्राणवीर सिंह इंस्टीट्यूट आफ टेक्नालाजी (पीएसआइटी) कालेज परिसर में निर्माण कार्य चल रहा है। सोमवार शाम को धूल का गुबार उड़ने से बाइक सवार बीसीए छात्र को बैक-हो-लोडर नहीं दिखा और टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रात दो बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रतनलाल नगर निवासी प्रभाकर सिंह खाद कारोबारी हैं। परिवार में पत्नी प्रियंका, छोटा बेटा युग हैं। 21 वर्षीय बड़ा बेटा प्रखर सचेंडी थानाक्षेत्र के भौंती स्थित पीएसआइटी से बीसीए अंतिम वर्ष का छात्र था।
बताया जा रहा है कि कालेज परिसर के पिछले हिस्से में निर्माण कार्य चल रहा है। प्रखर की बाइक के आगे से एक कार तेज रफ्तार से गुजरी, जिससे धूल का गुबार उड़ा और प्रखर को कुछ नहीं दिखा। वह आगे खड़े बैकहो लोडर से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रखर की किडनी, फेफड़े और पैंक्रियाज क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के तीसरे दिन बुधवार को बड़ी संख्या में छात्र और परिजन कॉलेज परिसर पहुंच गए। मुआवजे तथा जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कुछ आक्रोशित छात्रों ने परिसर में तोड़फोड़ भी की। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि परिसर में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे, जिससे यह हादसा हुआ।
छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि छात्र की मौत के बाद भी कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित किए गए, लेकिन शोक सभा तक नहीं की गई, जिससे उनकी भावनाएं आहत हुईं। सूचना पर सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्रा समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए छात्रों व परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
वहीं, हंगामे की सूचना मिलते ही डीसीपी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में पीएसी मौके पर पहुंची। इस हंगामे में बीसीए, बीबीए और फार्मेसी के छात्र भी शामिल हो गए। डीसीपी पश्चिम छात्रों को शांत कराने लगे। वहीं, सीपी रंजीत कुमार ने छात्रों से की हाथापाई, जिसके बाद हालात बिगड़े। हंगामा बढ़ता देख पुलिस प्रशासन ने बल प्रयोग करते हुए छात्रों को खदेड़ा लेकिन कुछ ही देर में छात्र फिर जुट गए और एडमिन आफिस के बाहर पुनः धरने पर बैठ गए।  |
|