deltin33 • 2026-2-25 07:56:25 • views 1141
स्टेज पर मारपीट का वीडियो हुआ था वायरल। फोटो- वीडियो ग्रैब
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रेलवे आफिसर्स क्लब में एक कार्यक्रम के दौरान भोजपुरी गायिका के साथ अभद्रता और अश्लील टिप्पणी का मामला सामने आया है। छपरा की रहने वाली गायिका की तहरीर पर कैंट थाना पुलिस ने एंकर बिहार के आरा जिले में रहने वाले मुकेश राय के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
छपरा (बिहार) के गौर बसंत गांव की रहने वाली भोजपुरी गायिका 21 फरवरी को गोरखपुर रेलवे आफिसर्स क्लब में आयोजित एक बहुभोज कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। आरा जिले के रहने वाले मुकेश राय मंच पर एंकरिंग कर रहे थे।
गायिका का आरोप है कि इस दौरान मुकेश ने अश्लील शब्दों का प्रयोग शुरू कर दिया, जिससे वह आहत हो गईं। गायिका ने मंगलवार को एसपी सिटी अभिनव त्यागी से मुलाकात कर लिखित शिकायत दी।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां भी मिल रही हैं। उन्होंने आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि गायिका की तहरीर के आधार पर कैंट थाने में आरोपी मुकेश राय के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी, अश्लील शब्दों का प्रयोग और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर AIIMS की डॉक्टर से छेड़छाड़ मामला: तरकुलहा घूमने के बाद आरोपी पहुंचे थे मॉल, डॉक्टर को देख शुरू कर दी अभद्रता
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा वीडियो
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। जिसमें में देखा जा सकता है कि एंकर की टिप्पणी के बाद गायिका नाराज हो जाती हैं और सैंडल उतारकर उसकी ओर बढ़ती हैं। इस दौरान एंकर वहां से हटते नजर आते हैं।
मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला और गायिका को होटल भेज दिया। दैनिक जागरण इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। गायिका का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान उनके साथ अभद्रता की गई, जिससे आहत होकर उन्होंने प्रतिक्रिया दी।  |
|