search

ओडिशा के मयूरभंज में गैस सिलेंडर चोरी मामले की गवाही बनी जानलेवा, चश्मदीद गवाह की पीट-पीटकर हत्या

cy520520 3 hour(s) ago views 278
  

मयूरभंज में चश्मदीद गवाह की पीट-पीटकर हत्या



जागरण संवाददाता, अनुगुल। ओडिशा के मयूरभंज जिला में चश्मदीद गवाह की हत्या से सनसनी फैल गई है। खुंटा थाना क्षेत्र के गडिगांव गांव में अदालत में गवाही देकर लौट रहे एक युवक को कुछ लोगों ने कथित रूप से दौड़ा-दौड़ाकर पीट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान कान्हू मधेई के रूप में हुई है।
पिछले साल की घटना से जुड़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, नवंबर 2025 में धांगेरा गांव में ग्रामीणों ने कान्हू मधेई और बापी कोलहार नामक युवक को गैस सिलेंडर चोरी के प्रयास के आरोप में पकड़ लिया था।

आरोप है कि भीड़ ने दोनों की पिटाई कर दी, जिसमें बापी कोलहार की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने भीड़ हिंसा के आरोप में 11 लोगों को गिरफ्तार किया था। वहीं, कथित चोरी के मामले में कान्हू को भी जेल भेजा गया था। हाल ही में वह जमानत पर रिहा हुआ था।

बापी कोलहार हत्याकांड में कान्हू मधेई एकमात्र चश्मदीद गवाह था और वह मामले में अदालत में गवाही देने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि पेशी के बाद उसका आरोपी पक्ष के रिश्तेदारों से विवाद हो गया।
गांव में पीछा कर किया हमला, सीसीटीवी फुटेज आया सामने

पुलिस के अनुसार, गवाही के बाद पांच युवकों ने कथित तौर पर कान्हू का गांव तक पीछा किया और उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कान्हू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमले की पुष्टि होती है।

मामले में मृतक के पिता शशिधर मधेई ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पशुपति पात्रा के घर के पास से बरामद किया। खुंटा थाना के एक अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी दुलाराम मुर्मू की पहचान कर उसे बिसीपुर से हिरासत में ले लिया गया है।

अधिकारी ने कहा कि विवाद की जड़ पिछले नवंबर में उदाला थाना में दर्ज गैस सिलेंडर चोरी का मामला है। कान्हू की गवाही को लेकर तनाव बना हुआ था, जो अब जानलेवा हमले में बदल गया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।   
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
162894