LHC0088 • Yesterday 21:27 • views 523
इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । मुजफ्फरपुर जिले में तीन नए पशु अस्पताल खोलने को विभाग स्तर पर मंजूरी मिल गई है। अस्पताल के लिए जगह का चयन कर इसकी जानकारी विभाग को भेज दी गई है।
नए अस्पताल खुलने के बाद अब कुल 39 पशु चिकित्सालय संचालित होंगे। अस्पतालों के संचालन के लिए 24 चिकित्सकों की तैनाती की गई है, जबकि रिक्त पदों को भरने के लिए भी विभाग को रिपोर्ट भेजी गई है।
जिला पशुपालन पदाधिकारी डा मनोज मेहता ने बताया कि मोतीपुर, बोचहां और कुढनी प्रखंड में एक-एक पशु अस्पताल खोला जाएगा। इसके लिए जमीन का चयन कर लिया गया है। स्थायी भवन बनने से पहले इन केंद्रों का संचालन पंचायत भवन या पैक्स के गोदाम में किया जाएगा। अगले माह से यहां पशुओं का उपचार शुरू करने की तैयारी चल रही है।
उन्होंने बताया कि बोचहां के मैदापुर, मोतीपुर के बर्जी तथा कुढनी के बाधी में नए अस्पताल स्थापित किए जाएंगे। स्थानीय मुखिया और पैक्स अध्यक्ष के साथ समन्वय बनाकर जल्द ही पशु चिकित्सा सेवा शुरू कर दी जाएगी।
भवन निर्माण पूरा होने के बाद अस्पतालों को स्थायी भवन में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। वर्तमान में जिले में 36 पशु अस्पताल संचालित हैं। उपलब्ध 24 चिकित्सकों को रोस्टर के अनुसार विभिन्न केंद्रों पर तैनात किया गया है।
डा. अमरनाथ प्रसाद बनाएं गए इएनटी विभागाध्यक्ष
मुजफ्फरपुर । एसकेएमसीएच में डा. अमरनाथ प्रसाद को इएनटी विभाग का नया विभागाध्यक्ष बनाया गया है। श्री कृष्ण मेडिकल कालेज की प्राचार्य प्रो. डा. कुमारी विभा ने मंगलवार को इसकी अधिसूचना जारी की ।
इएनटी विभाग के निवर्तमान विभागाध्यक्ष डा. पवन कुमार लाल के रिटायर होने के कारण डा. अमरनाथ प्रसाद को नया विभागाध्यक्ष बनाया गया है। डा. प्रसाद एक मार्च से कार्यभार संभालेंगे । उन्होंने बताया कि कान, नाक, गला विभाग में मरीजों को बेहतर चिकित्सीय उपचार उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्य प्राथमिकता होगी।  |
|