विजिलेंस गिरफ्त में आरोपित अनवर अहमद का फोटो
संवाद सहयोगी, दिनेशपुर (ऊधम सिंह नगर)। सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने दिनेशपुर थाने में तैनात उप निरीक्षक (एसआइ) को 15 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया।
आरोपित एसआइ ने बिजली चोरी के केस को रफा-दफा करने के एवज में 15 हजार रुपए मांगे थे।
शिकायतकर्ता ने विजिलेंस में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद टीम गठित कर कार्रवाई की गई। एसएसपी अजय गणपति ने आरोपित एसआइ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मंगलवार को हल्द्वानी से पहुंची विजिलेंस टीम ने थाने में एसआइ अनवर अहमद को 15 हजार रुपये की रिश्वत संग गिरफ्तार कर लिया।
श्रीरामपुर गांव निवासी राजेश गोलदार ने विजिलेंस हल्द्वानी में शिकायत कर कहा कि पिछले दिनों उसके विरुद्ध बिजली चोरी की प्राथमिकी हुई थी। जिसकी जांच थाने में तैनात एसआइ अनवर अहमद कर रहे हैं।
आरोप था कि केस को खत्म करने के लिए एसआइ ने 15 हजार की रिश्वत मांगी। विजिलेंस जांच में शिकायत सही पाई गई और मंगलवार को आरोपित एसआइ को रंगे हाथ दबोच लिया गया। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी थाने पहुंचे और जानकारी ली।  |
|