शादी का झांसा देकर विधवा महिला से दुष्कर्म। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, कैथल। विधवा महिला का शोषण करने, दुष्कर्म करने और बच्चों को जान से मारने की धमकी देने के मामले की जांच सीवन थाना प्रभारी एसआइ पारस की अगुवाई में एएसआइ सुरेश की टीम ने की। टीम ने दुष्कर्म करने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीवन थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी विधवा महिला की शिकायत के अनुसार उनके ही गांव के आरोपित ने शादी का झांसा देकर करीब एक वर्ष तक उसका शोषण किया। घर का सामान बेचकर पैसे भी हड़प लिए थे।
आरोपित उसके पास मौजूद फोटो के आधार पर ब्लैकमेल कर रहा था और संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहा था। 14 फरवरी को आरोपित ने घर में घुसकर महिला के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। बच्चों को जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद 22 फरवरी को आरोपित दोबारा घर पहुंचा। घर का दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया। महिला के बेटे के साथ मारपीट की और बेटी के गले पर चाकू रखकर धमकाया। शोर मचाने पर आरोपित मौके से फरार हो गया था। इस बारे में सीवन थाना में केस दर्ज किया गया था।  |