मलावन स्थित आरकेएस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पर पकड़े गए दोनों साल्वर को पुलिस के सुपुर्द करते तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय। जागरण
जागरण संवाददाता, एटा। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल तथा इंटरमीडिएट परीक्षा में सोमवार को महत्वपूर्ण विषयों की परीक्षा के मध्य नकलची और माफिया पर प्रशासन हावी रहा। सुबह की पाली में हाईस्कूल अंग्रेजी परीक्षा के दौरान ही जहां मलावन स्थित परीक्षा केंद्र पर तहसीलदार ने दूसरे परीक्षार्थियों की परीक्षा दे रहे एक नाबालिग सहित दो साल्वर को पकड़ लिया। वहीं सुबह से ही अलीगंज क्षेत्र में डेरा जमाये डीआईओएस ने नकल करते छात्रा पर कार्रवाई की है।
2452 ने छोड़ी अंग्रेजी परीक्षा, जीव विज्ञान में भी 1416 रहे अनुपस्थित
सोमवार को हाईस्कूल अंग्रेजी तथा दूसरी पाली में इंटरमीडिएट जीव विज्ञान की परीक्षा को लेकर प्रशासन पहले से ही सतर्क था। सुबह पहली पाली की परीक्षा के लिए सभी केंद्र पर नियुक्त किए गए मजिस्ट्रेट समय से पहले ही पहुंचे और रणनीति के अनुरूप प्रश्नपत्रों की गोपनीयता तथा नकलविहीन परीक्षा के लिए दिशा निर्देशों का पालन किया।
साल्वर गिरोह पर शिकंजा, केंद्र व्यवस्थापक की भूमिका की भी होगी जांच
अलीगंज क्षेत्र अति संवेदनशील होने के चलते खुद जिला विद्यालय निरीक्षक डा. इंद्रजीत ने क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों की सघन निगरानी की। उन्होंने एसकेडी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उबई रोड बिथरा का निरीक्षण किया। यहां सचल दल में शामिल जिपसा राजपूत ने नकल करते हुए दीक्षा राजपूत पुत्री दिवाकर राजपूत को पकड़ लिया। परीक्षार्थी की उत्तर पुस्तिका तथा नकल सामग्री सील करते हुए कार्रवाई की गई। उन्होंने क्षेत्र के अन्य संवेदनशील केंद्र भी देखे।
पुलिस के हवाले किए दोनों सॉल्वर
दूसरी ओर अंग्रेजी की परीक्षा के दौरान तहसीलदार सदर नीरज वार्ष्णेय ने आरकेएस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मलावन केंद्र पर संदिग्ध परीक्षार्थियों को कार्रवाई की। यहां पंजीकृत परीक्षार्थी शुभम पुत्र राजू निवासी गांव दत्तपुर सकीट के स्थान पर 19 वर्षीय अंशुल पुत्र संजय निवासी ग्राम उदयपुर रिजोर थाना सकीट तथा पवन कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी भगीपुर डाडा सकीट रोड के स्थान पर एक नाबालिग को फर्जी तरीके से परीक्षा देते दबोच लिया। तहसीलदार ने दोनों को मलावन पुलिस के हवाले कर दिया गया। उनके विरुद्ध उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों ही सॉल्वर सगे भाई भी बताए गए हैं।
उत्तर पुस्तिकाओं की संख्या, रख रखाव का मिलान एवं सत्यापन किया
अन्य सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने भी आवंटित परीक्षा केंद्रों पर औचक निरीक्षण के साथ उत्तर पुस्तिकाओं की संख्या, रख रखाव का मिलान एवं सत्यापन किया। सचल दल प्रभारी जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य डॉ. आरके शर्मा, सेक्टर मजिस्ट्रेट केके त्रिपाठी ने सर्वोदय इंटर कॉलेज, भारतीय इंटर कालेज न्याराई, जीजीआईसी लालगढ़ी, नवाब सिंह इंटर कॉलेज केंद्रों का जायजा लिया।
स्ट्रांग रूम की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग भी चेक की। इसके अलावा सभी तहसीलों में उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार के अलावा अन्य अधिकारियों के सचल दल भी दोनों पाली की परीक्षा में पूरी तरह से सक्रिय रहे।
केंद्र व्यवस्थापक की भूमिका की होगी जांच
मलावन स्थित आरकेएस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केंद्र पर दो साल्वर पकड़े जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापक तथा संबंधित कक्ष में नियुक्त कक्ष निरीक्षकों की भूमिका की भी जांच के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट के बाद उन पर भी कार्रवाई संभव है।
पैसों के लालच में भविष्य से खिलवाड़
लगातार दो परीक्षाओं में अलग-अलग केंद्र पर सॉल्वर पकड़े गए है। शासन प्रशासन की सख्ती तथा नकल अधिनियम के बावजूद कुछ पैसों की खातिर युवा अपने जीवन को दावों पर लगा रहे हैं। तीनों मामलों में कुछ ऐसी ही स्थिति सामने आई है। खास बात तो यह है कि कुछ अन्य केंद्र पर भी फर्जी परीक्षार्थी होने की शिकायतें भी बढ़ने लगी हैं।
2452 ने छोड़ी अंग्रेजी की परीक्षा
सोमवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल अंग्रेजी की परीक्षा में 29888 पंजीकृत परीक्षार्थियों के सापेक्ष 27436 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। 2452 में परीक्षा छोड़ दी। दूसरी और दोपहर की पाली में इंटरमीडिएट जीव विज्ञान के पंजीकृत 20558 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 19142 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए और 1416 अनुपस्थित रहे।  |