search

आगरा में चौकी इंचार्ज के घर चोरी का खुलासा: टंगी वर्दी देखकर घबराया था चोर, मकान से उड़ाया 40 लाख का माल

cy520520 3 hour(s) ago views 378
  

चौकी इंचार्ज के घर चोरी करने वाले आरोपित।



जागरण संवाददाता, आगरा। जेल से छूटा चोर चोरी के इरादे से ताला तोड़कर एक घर में घुस गया। सामने दारोगा की वर्दी टंगी देख एक पल के लिए वह घबरा गया। इसके बाद हिम्मत जुटाई और जेवर-नकदी सहित करीब 40 लाख रुपये का माल समेट लिया।

एत्माद्दौला पुलिस ने छत्ता थाने की डिवीजन चौकी इंचार्ज के घर हुई चोरी की सनसनी खेज वारदात का पर्दाफाश कर दिया। सीसीटीवी फुटेज से चोर की शिनाख्त करके उसे दबोच लिया। जेवर खरीदने वाले सराफा व्यापारी व एक अन्य को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए चोर के खिलाफ एत्माद्दौला थाने में गैंगस्टर, चोरी, आर्म्स एक्ट के आठ मुकदमे दर्ज हैं।
चोर के साथ ही सराफा व्यापारी व एक अन्य को किया गिरफ्तार

एत्माद्दौला की ट्रांसयमुना कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे छत्ता थाना की डिवीजन चौकी प्रभारी रोबिन सिंह के घर में 14 फरवरी की रात चोर ने 40 लाख रुपये के जेवर व नकदी चोरी कर लिए थे। घर में घुसते हुए चोर सीसीटीवी फुटेज में नजर आया था। सीसीटीवी फुटेज और यक्ष एप की मदद से पुलिस ने चोर की शिनाख्त की थी।
आरोपित ने जेल से छूटने के बाद चोरी की वारदात को दिया अंजाम

इंस्पेक्टर एत्माद्दौला देवेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि सोमवार को चोरी करने वाले आशिक उर्फ इतेश निवासी गांव बरवाई, थाना अजीतमल औरैया को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही चोरी का माल खरीदने वाले सराफा व्यापारी मनीष वर्मा निवासी नया बांस लोहामंडी व वीरेश निवासी सीता नगर रामबाग को गिरफ्तार किया गया है।

इंस्पेक्टर ने बताया कि आशिक के पास से चांदी की पायलें, 25500 रुपये, वीरेश के पास से चांदी की एक चेन व 12,500 रुपये तथा मनीष वर्मा के पास से सोने की अंगूठी, दो जोड़ी बिछिया और सात सौ रुपये बरामद किए गए हैं। आरोपित आशिक दो महीने पहले ही जेल से छूटा था। कुछ समय तक वह इटावा में रहा। इसके बाद फिर सक्रिय हो गया। उसके खिलाफ एत्माद्दौला थाने में वर्ष 2017 में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट व गैंग्स्टर के आठ मुकदमे दर्ज हैं।
पता नहीं था दारोगा का घर है, वर्दी देखकर ठहर गए थे कदम

गैंगस्टर आशिक ने पुलिस पूछताछ में बताया कि घर सूना पाकर वह ताला तोड़कर अंदर घुस गया। उसे नहीं पता था कि जिस घर में चोरी करने जा रहा है वह दारोगा का है। अंदर घुसते ही कमरे में दारोगा की वर्दी टंगी हुई थी। एक पल के लिए घबरा गया, कदम ठहर गए। मन में विचार आया कि लौट चलो। फिर सोना जब घर में घुस ही आया हूं तो चोरी कर लूं। इसके बाद आरोपित ने सामान समेट लिया। कुछ सामान अपने परिचित मंडी के पास ठेल लगाने वाले वीरेश और कुछ सामान सराफा व्यापारी को बेच दिया।
चुराए हुए जेवर आखिर कहां गए

एत्माद्दौला पुलिस ने चोरी का पर्दाफाश तो कर दिया, लेकिन चोरी की जेवर कहां गए इसका जवाब नहीं है। दारोगा की कुछ समय पहले ही शादी हुई थी। घर में जेवर रखे थे। दारोगा ने 40 लाख रुपये के जेवर चोरी होने की बात कही थी। पुलिस ने बरामद एक जोड़ी पायल, चांदी की चेन, अंगूठी, बिछिया और 38 हजार रुपये ही बरामद किए हैं। पुलिस आरोपितों को रिमांड पर लेकर चोरी का माल बरामद करने की बात कह रही है।   
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
162490