search

यूपी बोर्ड परीक्षा में सामूहिक नकल: आगरा में केंद्र व्यवस्थापक और कक्ष निरीक्षक पर FIR, एक-दूसरे पर पर्ची फेंक रहे थे विद्यार्थी

deltin33 4 hour(s) ago views 242
  

जांच के दौरान शिक्षा अधिकारी।



जागरण संवाददाता, आगरा। उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) परीक्षा को नकल विहीन कराने के भले लाख प्रयास हो, लेकिन नकल के ठेकेदार सख्ती के बाद भी नहीं चूक रहे। सोमवार को हाईस्कूल अंग्रेजी और इंटरमीडिएट जीव विज्ञान व गणित की परीक्षा के दौरान भी कलाल खेरिया के मियांपुरा स्थित आदर्श सैनिक इंटर कालेज में खुलकर सामूहिक नकल हो रही थी।

विद्यार्थी कक्ष निरीक्षक के सामने ही एक-दूसरे पर पर्ची फेंककर और बातचीत करके नकल रहे थे, जबकि केंद्र व्यवस्थापक मौन साधे थे। निगरानी में मामला पकड़ में आया, तो मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया है। साथ ही रुनकता स्थित चौधरी किरण एकेडमी में ड्यूटी दे रहे एक कक्ष निरीक्षक की जेब में मोबाइल फोन मिला।
आदर्श सैनिक इंटर कॉलेज मियांपुर में हो रही थी सामूहिक नकल, केंद्र होगा डिबार

यूपी बोर्ड परीक्षा की ऑनलाइन मॉनिटरिंग के दौरान दिखाई दिया कि मियांपुर स्थित आदर्श सैनिक इंटर कॉलेज के कक्ष संख्या तीन में विद्यार्थी तेज-तेज आवाज में बातें कर रहे थे। एक-दूसरे की उत्तर पुस्तिका उलट-पटल रहे थे साथ ही यहां से वहां पर्चियां फेंक रहे थे। जबकि इस कमरे में ड्यूटी दे रहा कक्ष निरीक्षक न उन्हें रोक रहा था न टोक रहा था। नकल होते देख कंट्रोल रूम ने तुरंत स्टेटिक मजिस्ट्रेट कृष्ण कुमार और सहायक केंद्र व्यवस्थापक कमान सिंह ने तुरंत कक्ष में जाकर देखा, तो नकल होती मिली।
कंट्रोल रूम से निगरानी में छात्र कक्ष निरीक्षक के सामने एक-दूसरे पर फेंकते दिखे पर्ची

जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्र शेखर ने बताया कि बोर्ड परीक्षा की मॉनिटरिंग के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में जीआईसी स्थित जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बने कंट्रोल रूम में आदर्श सैनिक इंटर कॉलेज, मियांपुर में कक्ष संख्या तीन में बातचीत व नकल कराई जाने पर तत्काल स्टेटिक मजिस्ट्रेट को मौके पर भेजा गया।

बातचीत व नकल के साथ सामूहिक नकल की पुष्टि होने पर केंद्र व्यवस्थापक राममोहन शर्मा और कक्ष संख्या तीन के कक्ष निरीक्षक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है। साथ ही आगामी परीक्षा के लिए सहायक केंद्र व्यवस्थापक को केंद्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शनिवार को भी मिली थी संदिग्ध स्थिति

आदर्श सैनिक इंटर कॉलेज में यह नकल कराए जाने की शिकायत परीक्षा आरंभ होने के साथ मिलने लगी थीं। शनिवार को भी बेसिक शिक्षाधिकारी के सचल दल को केंद्र में निरीक्षण के दौरान संदिग्ध गतिविधियां मिली थीं। इस पर मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक और जिला विद्यालय निरीक्षक ने सोमवार को ऑनलाइन कंट्रोल रूम से केंद्र की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की, तो विद्यार्थी उन्हें भी नकल व बातचीत करते मिले। नकल की की पुष्टि होने पर पर एफआईआर के निर्देश यह कार्रवाई की गई।
जेडी ने केंद्र डिबार करने के दिए निर्देश

कलाल खेरिया के मियांपुरा स्थित आदर्श सैनिक इंटर कॉलेज में खुलकर नकल मिलने और सीसीटीवी सर्विलांस के दौरान रहनकलां स्थित ईश्वरी प्रसाद इंटर कॉलेज में भी परीक्षा के दौरान हलचल मिली। इस पर मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. मुकेश चंद्र अग्रवाल ने दोनों केंद्रों को डिबार किए जाने का नोटिस देने के निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्र शेखर को दिए हैं।
मोबाइल जेब में रखकर ड्यूटी दे रहा था कक्ष निरीक्षक

वहीं दूसरी ओर सोमवार को प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान रुनकता स्थित चौधरी किरण एकेडमी में ड्यूटी करते एक कक्ष निरीक्षक की जेब से मोबाइल मिला। सचल दल प्रभारी व डायट प्राचार्य अनिरुद्ध यादव ने कक्ष निरीक्षक की जांच कराई, तो वह उत्तर नहीं दे पाया। इस पर कक्ष निरीक्षक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है।  
दो केंद्रों का कंट्रोल रूम से टूटा संपर्क, नोटिस

सोमवार को यूपी बोर्ड परीक्षा की दोनों पाली में महत्वपूर्ण परीक्षा था, इस कारण अतिरिक्त सतर्कता रही। निगरानी के दौरान दो केंद्रों शांति देवी इंटर कॉलेज और शंकरा देवी इंटर कॉलेज का संपर्क थोड़ी देर के लिए ऑनलाइन कंट्रोल रूम से टूट गया। इस पर कंट्रोल रूम प्रभारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को फोन कर संपर्क पुन: स्थापित कराया।
25 हजार ने छोड़ी परीक्षा

मंडल के सभी जिलों आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी के पांच सचल दलों ने सोमवार को 65 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। आगरा समेत चारों जिलों में सचल दल भी सक्रिय हैं। केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक आदि भी सख्ती बरत रहे हैं। इसी का परिणाम है कि अब तक मंडल के करीब 25 हजार विद्यार्थी परीक्षा छोड़ चुके हैं।

जिलेवार बात करें, तो सोमवार को आगरा में हाईस्कूल की परीक्षा में 4641, इंटर में 5059, मथुरा में हाईस्कूल के 2281, इंटर के 2492, फिरोजाबाद के हाईस्कूल 3197, इंटर के 2412 वहीं मैनपुरी के 2341, इंटर के 2379 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। हाईस्कूल के 12460 और इंटर के 12352 विद्यार्थियों अनुपस्थित रहे।   
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
476043