search

Jamshedpur Weather Update: झमाझम बारिश ने मिटाई चुनावी थकान, अगले 2 दिन गर्मी से मिलेगी राहत

Chikheang 3 hour(s) ago views 222
  

जमशेदपुर में रात को बारिश से सुहावना हुआ मौसम। फोटो जागरण



जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। निकाय चुनाव के शोर और सियासी पारे के बीच सोमवार देर रात कुदरत ने अचानक करवट ली। दिन भर की उमस और चुनावी गहमागहमी के बाद देर रात हुई झमाझम बारिश ने जहां लोगों को राहत दी, वहीं तेज आंधी और गर्जना ने दहशत भी पैदा कर दी।

मौसम में आए इस आकस्मिक बदलाव से शहर का तापमान तेजी से नीचे गिरा है, जिससे उमस भरी गर्मी के बीच अचानक कनकनी का अहसास होने लगा है।

सोमवार की रात जैसे ही चुनाव संपन्न होने के बाद प्रत्याशी और समर्थक थकान मिटाने की तैयारी कर रहे थे, तभी करीब 12 बजे के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया।

मानगो, साकची, बिष्टुपुर, कदमा और सोनारी समेत पूरे जमशेदपुर में काले बादलों ने डेरा डाल दिया। इसके बाद शुरू हुआ कड़कती बिजली और तेज आंधी का सिलसिला।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, शहर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। आंधी इतनी जोरदार थी कि कई आवासीय क्षेत्रों में घरों की खिड़कियों के शीशे चटक गए और छतों पर रखे सामान उड़ गए।

तेज आंधी के कारण शहर के बिजली ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। मानगो, जुगसलाई और आदित्यपुर के कई इलाकों में पेड़ की टहनियां बिजली के तारों पर गिरने से देर रात आपूर्ति ठप हो गई।

IMD रांची द्वारा जारी तत्कालिक चेतावनी के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) सहित झारखंड के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया था।
तापमान में होगी गिरावट

मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री रहा। रात की बारिश के बाद इसमें 3 से 4 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है।

पिछले कई दिनों से शहर के लोग निकाय चुनाव के प्रचार और बढ़ती गर्मी से परेशान थे। सोमवार को मतदान के दौरान भी तेज धूप ने मतदाताओं को खूब छकाया, लेकिन देर रात हुई इस बारिश ने मानों चुनाव की पूरी थकान को धो दिया।

मानगो, जुगसलाई, कपाली और आदित्यपुर की गलियों में, जहां कल तक चुनावी नारों की गूंज थी, वहां अब बारिश के बाद सोंधी मिट्टी की महक और ठंडक है। हालांकि, आंधी ने उन प्रत्याशियों की नींद जरूर उड़ा दी जो तंबू और कैंप कार्यालयों में आंकड़ों का हिसाब लगा रहे थे।
हल्की बारिश और गरज की संभावना

मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, झारखंड के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र) सक्रिय है। मंगलवार में आसमान में बादल छाए रहेंगे, हल्की बारिश और गर्जना की संभावना है।

बुधवार को मौसम साफ होने लगेगा, लेकिन सुबह के समय कनकनी बनी रहेगी। गुरुवार व शुक्रवार को आंशिक बादल छा सकते हैं, अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री की वृद्धि होगी। शनिवार को मौसम शुष्क रहेगा, धूप खिलेगी। रविवार को पारे में फिर से उछाल देखने को मिल सकता है।

यह भी पढ़ें- झारखंड के मौसम का बदला मिजाज: तेज हवा के साथ बारिश ने गिराया तापमान, अगले 2 दिन के लिए IMD का नया अपडेट    
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
167039