नोवामुंडी रेलवे स्टेशन के निकट अंडर ब्रिज के नीचे खड़ी चार बाइक को शरारती तत्वों ने आग लगाकर जला दिया।
जागरण संसू, नोवामुंडी। पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी रेलवे स्टेशन के समीप सोमवार सुबह शरारती तत्वों ने रेलवे अंडर ब्रिज के नीचे खड़ी चार मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया? इस घटना में तीन बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जबकि एक को आंशिक रूप से क्षति पहुंची है।
मेहनत की कमाई जलकर हुई राख पीड़ितों की पहचान जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के सोमा लागुरी और मंगल पुरती समेत चार लोगों के रूप में हुई है। ये सभी रेलवे कंस्ट्रक्शन कार्य से जुड़े ठेका मजदूर हैं। प्रतिदिन की तरह ये मजदूर जगन्नाथपुर से आकर अपनी बाइक रेलवे अंडर ब्रिज के नीचे खड़ी कर पटरी पर सप्लाई कार्य में लगे हुए थे। घटना सुबह उस समय हुई जब मजदूर अपने काम में व्यस्त थे।
दमकल ने बुझाई आग, पर तब तक हो चुकी थी देर अज्ञात असामाजिक तत्वों ने सुनसान पाकर बाइकों में आग लगा दी। जब आसपास के लोगों ने धुआं उठते देखा, तो शोर मचाया। सूचना मिलने पर मजदूर काम छोड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन पर काबू पाना मुश्किल था। टाटा स्टील के दमकल वाहन ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया, लेकिन तब तक तीन मजदूरों की बाइक कबाड़ में तब्दील हो चुकी थी।घटना से आक्रोशित मजदूरों ने नोवामुंडी थाना में अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि इस कायराना करतूत को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।  |
|