(सांकेतिक तस्वीर)
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। रोहिणी सेक्टर-24 में झगड़े का बदला लेने के लिए रविवार रात आरोपित ने दोस्तों के साथ मिलकर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची विजय विहार थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की शिनाख्त शाहबाद डेरी के डी ब्लॉक निवासी राजा उर्फ मंगल के रूप में हुई है। मृतक का तीन दिन पहले एक आरोपित से झगड़ा हुआ था। इस दौरान मृतक और उसके दोस्तों ने एक आरोपित की पिटाई कर दी थी और उसकी स्कूटी में तोड़ दी थी।
रोहिणी जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने बताया कि रविवार रात करीब 12:25 बजे पुलिस को सेक्टर-24 रोहिणी जेजे कॉलोनी में एक युवक के पेट में चाकू मारे जाने की जानकारी मिली। पुलिस के पहुंचने से पहले घायल युवक के परिवार वाले पास के अस्पताल में लेकर चले गए थे।
अस्पताल पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि डॉक्टरों ने घायल शाहबाद डेरी निवासी राजा उर्फ मंगल सिंह को मृत घोषित कर दिया है। पुलिस ने क्राइम और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने वहां से साक्ष्य हासिल किए। जांच में पुलिस को पता चला कि मृतक आपराधिक प्रवृति का व्यक्ति था। उस पर पांच आपराधिक मामले दर्ज थे।
जांच में पता चला कि 20 फरवरी को मृतक और एक आरोपित के बीच मारपीट हुआ था। जिसके बाद से आरोपित उससे बदला लेने की कोशिश कर रहा था। रात में मृतक के अकेले मिलने पर आरोपितों ने उसपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर भाग गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस टीमें उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है। |
|