जागरण संवाददाता, बस्ती। जनपद में बीते एक साल के भीतर लव जेहाद से जुड़े मामलों में अचानक तेजी देखी गई है। पुलिस रिकार्ड के आंकड़ों पर गौर करें तो पिछले 12 महीनों में जिले के विभिन्न थानों में इस गंभीर अपराध से संबंधित कुल 26 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से अधिकांश घटनाएं उन थाना क्षेत्रों में हुई हैं, जिन्हें पुलिस प्रशासन ने मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील इलाकों के रूप में चिह्नित किया है।
खुफिया विभाग और स्थानीय पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, शहर के वे इलाके जहां दो समुदायों की घनी और मिश्रित आबादी है, वहां ऐसी गतिविधियों का ग्राफ ऊंचा रहा है। सबसे ज्यादा एफआईआर भी इन्हीं क्षेत्रों से संबंधित थानों नगर, दुबौलिया, कप्तानगंज, गौर, सोनहा, परसरामपुर में दर्ज हुई है।
इसमें सर्वाधिक घटनाएं हिन्दू लड़कियों से जुड़ी 21 व मुस्लिम लड़की से जुड़ी पांच घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन बढ़ती घटनाओं को देखते हुए सामाजिक संगठनों और पुलिस प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों और इंटरनेट मीडिया व्यवहार पर नजर रखें। पुलिस प्रशासन अब इन संवेदनशील इलाकों में सीसी कैमरे से निगरानी और एंटी रोमियो स्क्वाड की गश्त बढ़ाने की योजना बना रहा है।
साजिश का पैटर्न: पहचान छिपाकर मेल-जोल
पुलिस जांच में सामने आया है कि इन 26 मामलों में से अधिकांश में एक ही तरह का मोडस आपेरंडी (अपराध करने का तरीका ) अपनाया गया। आरोपितों ने इंटरनेट मीडिया या सार्वजनिक स्थानों पर अपनी असली धार्मिक पहचान छिपाकर युवतियों से दोस्ती की। भरोसा जीतने के बाद जब शादी या धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया, तब जाकर सच्चाई सामने आई। इंटररनेट मीडिया का दुरुपयो कर आरोपितों ने इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे प्लेटफार्म्स का इस्तेमाल अपनी वासविक पहचान छिपाने और जाल बुनने में किया है।
जनपद में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दर्ज हुए सभी 26 मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है। अपह्त की गई 26 में से 25 की बरामदगी की जा चुकी है। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।- डॉ. यशवीर सिंह, पुलिस कप्तान, बस्ती |