घर पर केले के चिप्स कैसे बनाएं? (AI Generated Image)
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। केले के चिप्स बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी के पसंदीदा स्नैक्स में से एक हैं। ये बेहद स्वादिष्ट होते हैं और चाय के साथ एक बेहतरीन कॉम्बिनेशन भी बनाते हैं। अक्सर हम बाजार से महंगे दामों पर इन्हें खरीदते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इन्हें घर पर बनाना बेहद आसान और किफायती है?
आइए आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि कैसे आप बिल्कुल बाजार जैसे कुरकुरे और सुनहरे केले के चिप्स घर पर तैयार कर सकते हैं।
सामग्री
- कच्चे केले- 4-5 (बड़ी साइज के)
- हल्दी पाउडर- 1 छोटा चम्मच
- नमक- स्वादानुसार
- नारियल तेल या रिफाइंड तेल- तलने के लिए
- काली मिर्च पाउडर या लाल मिर्च पाउडर- (चटपटे स्वाद के लिए)
- पानी- आधा कप
बनाने की विधि
- सबसे पहले कच्चे केलों को धोकर अच्छी तरह सुखा लें। अब इनके दोनों सिरों को काटें और चाकू की मदद से छिलके पर हल्का चीरा लगाकर छिलका उतार लें। ध्यान रहे कि केले का छिलका उतारने के बाद उसे ज्यादा देर तक बाहर न रखें, वरना वे काले पड़ सकते हैं। इन्हें काला होने से बचाने के लिए आप छिले हुए केलों को हल्के गीले कपड़े से ढककर कुछ देर रख सकते हैं।
- इसके बाद एक छोटी कटोरी में आधा कप पानी लें और इसमें एक चम्मच हल्दी और आधा चम्मच नमक मिलाएं। यह घोल चिप्स को शानदार सुनहरा रंग और सही नमकीन स्वाद देगा, जो बाजार के चिप्स में मिलता है।
- अब एक कड़ाही में तेल गरम करें और मध्यम आंच पर अच्छी तरह गरम होने दें। पारंपरिक स्वाद के लिए नारियल तेल का इस्तेमाल सबसे अच्छा रहता है, लेकिन आप अपनी पसंद का कोई भी तेल ले सकते हैं।
- चिप्स बनाने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि आप चिप्स स्लाइसर की मदद से सीधे गरम तेल में ही केले के स्लाइस काटें। अगर आपको सीधे तेल में काटने में मुश्किल हो, तो आप प्लेट में स्लाइस काटकर भी तेल में डाल सकते हैं।
- जब चिप्स तेल में आधे पक जाएं, तब सावधानी से 1 से 2 चम्मच हल्दी-नमक वाला पानी कड़ाही के बीच में डालें। ध्यान रहे, ऐसा करने पर तेल में थोड़ी चिर्र-चिर्र की आवाज आएगी और झाग बनेगा। यह तकनीक चिप्स को क्रिस्पी बनाने और उन पर रंग चढ़ाने के लिए सबसे कारगर है।
- जब तेल की आवाज बंद हो जाए और झाग खत्म हो जाए, तब चिप्स को धीरे-धीरे चलाते रहें। जब वे पूरी तरह से सख्त और कुरकुरे हो जाएं, तो उन्हें एक छलनी में निकाल लें, ताकि तेल निकल जाए।
बेहतरीन चिप्स बनाने के प्रो-टिप्स-
- कड़ाही में उतने ही स्लाइस डालें जितने आसानी से तेल में तैर सकें, वरना वे आपस में चिपक जाएंगे।
- अगर आप तीखा पसंद करते हैं, तो गरम चिप्स पर तुरंत थोड़ा चाट मसाला, लाल मिर्च और काली मिर्च छिड़कें।
- पूरी तरह ठंडा होने के बाद ही इन्हें एयर-टाइट कंटेनर में भरें। ये 2-3 हफ्तों तक ताजा रहते हैं।
यह भी पढ़ें- ग्रेवी में जाते ही टूट जाते हैं लौकी के कोफ्ते? अपनाएं ये सीक्रेट टिप्स और बनाएं परफेक्ट डिश
यह भी पढ़ें- नाश्ते में बनाएं खस्ता बेड़मी पूरी और चटपटी आलू की सब्जी, नोट कर लें आसान रेसिपी |
|