विदेश में पढ़ रहे बच्चों के नाम पर साइबर ठगी, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी।
जागरण संवाददाता, रोहतक। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस ने आमजन के लिए एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस के अनुसार साइबर ठग अब विदेशों में पढ़ाई कर रहे बच्चों और रिश्तेदारों का नाम लेकर लोगों को निशाना बना रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक ठग विदेश से काल कर खुद को रिश्तेदार या जानकार बताते हैं और कहते हैं कि आपके बच्चे का किसी से झगड़ा हो गया है, जिसे सुलझाने के लिए तुरंत पैसे भेजने होंगे। कई मामलों में यह भी कहा जाता है कि आपके बच्चे का एक्सीडेंट हो गया है या उसे किसी मामले में पुलिस ने पकड़ लिया है, जिससे बचाने के लिए पैसों की मांग की जाती है।
पुलिस ने बताया कि भावनात्मक दबाव में आकर लोग बिना पुष्टि किए पैसे ट्रांसफर कर देते हैं और बाद में ठगी का शिकार हो जाते हैं। इसके अलावा कुछ ठग यह झांसा भी देते हैं कि उन्होंने आपके खाते में विदेश से पैसे भेजे हैं और भारत में कोई एजेंट वह रकम ले जाएगा।
इसके लिए वॉट्सऐप पर नकली रसीद भी भेजी जाती है। जिला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसी किसी भी काल या संदेश पर तुरंत भरोसा न करें। पहले संबंधित व्यक्ति या परिजन से सीधे संपर्क कर सत्यता की जांच करें।
यदि कोई साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर काल करें। साथ ही अपनी शिकायत नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल या नजदीकी थाना व चौकी में दर्ज कराएं। पुलिस ने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। |