जागरण संवाददाता, बरसठी (जौनपुर)। क्षेत्र के जमुनीपुर गांव में रविवार की सुबह 25 वर्षीय शुभम शुक्ल की चाकू घोंपकर नृशंस हत्या कर दी गई। हत्या का कारण पूरी तरह साफ नहीं हो सका है। आशनाई व क्रिकेट खेलने को लेकर हुई कहासुनी के चलते हत्या किए जाने के एंगल से छानबीन में जुटी पुलिस टीमें दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
गांव निवासी शुभम शुक्ल घर से लगभग 9.30 बजे प्राथमिक विद्यालय के पास जाने की बात कहकर निकला था। एक घंटे बाद शुभम के मित्र दीपक शुक्ल ने घर से लगभग 500 मीटर दूर स्थित बाग में पोखरी के पास पेड़ के पीछे उसके खून से लथपथ पड़े होने की सूचना दी। स्वजन पहुंचे तो उसे मरणासन्न अवस्था में पाया।
सीने व पेट में चाकू से वार किया गया था। घटना की जानकारी होते ही गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्वजन शुभम शुक्ल को सीएचसी बरसठी ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों की सलाह पर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।
गांव में घटना को लेकर तनाव को देखते हुए सीओ मड़ियाहूं परमानंद कुशवाहा रामपुर, नेवढ़िया व सुरेरी थानों की फोर्स के साथ पहुंच गए। थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव ने बताया मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है। गांव के ही दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
शुभम शुक्ल का शनिवार को क्रिकेट खेलने के दौरान गांव के विकास यादव नामक युवक से विवाद हुआ था। विकास ने देख लेने की धमकी दी थी। मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा था। शुभम की हत्या के बाद आरंभिक छानबीन में प्रेम त्रिकोण की बात भी सामने आ रही है। दोनों एंगल की बारीकी से छानबीन की जा रही है। पुलिस टीमें लगाई गई हैं। शीघ्र ही कातिलों को गिरफ्तार कर राजफाश कर दिया जाएगा। -परमानंद कुशवाहा, सीओ मड़ियाहूं। |
|