जिला कांगड़ा के नूरपुर में खनन माफिया पर कार्रवाई के दौरान एसपी कुलभषण वर्मा व अन्य। जागरण
संवाद सहयोगी, नूरपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में पुलिस ने खनन माफिया पर बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस जिला नूरपुर की टीम ने पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा की अगुवाई में विभिन्न स्थानों पर खनन माफिया पर सर्जिकल स्ट्राइक की। पुलिस की कार्रवाई से अवैध तौर पर खनन में जुटे लोगों में हड़कंप मच गया।
सभी डीएसपी भी शामिल रहे
पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर की टीम ने 24 घंटों में खनन माफिया पर कार्रवाई करते हुए 21 वाहनों को जब्त किया है। उन्होंने बताया कि इस अभियान का नेतृत्व उन्होंने स्वयं किया व समस्त डीएसपी भी इस अभियान में शामिल रहे।
एसपी ने बताया कि व्यास नदी क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण एवं औचक चेकिंग की गई व क्षेत्र में संचालित स्टोन क्रशरों का भी गहन निरीक्षण कर नियमानुसार जांच सुनिश्चित की गई।
इन क्षेत्रों में बढ़ाई निगरानी व गश्त
अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए संवेदनशील क्षेत्र खन्नी, माजरा, रे पत्तन, रियाली मंड, इंदौरा मंड एवं भोग्रवां में लगातार गश्त एवं निगरानी बढ़ाई गई है।
खनन माफिया के रास्ते किए बंद
उन्होंने बताया कि अवैध खनन के अनधिकृत परिवहन को रोकने के उद्देश्य से रे पत्तन-रेहटपुर बेल्ट के संपर्क मार्गों पर गड्ढे खोदकर अवैध वाहनों की आवाजाही को प्रभावी रूप से बाधित किया गया है।
21 वाहन जब्त कर कार्रवाई के लिए कोर्ट भेजा मामला
उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के दौरान गत 24 घंटों में अवैध खनन परिवहन में संलिप्त कुल 21 वाहनों (ट्रक, डंपर एवं ट्रैक्टर) को खनन अधिनियम के तहत जब्त किया गया है तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए न्यायालय में भेजा गया है।
एसपी ने दे दी माफिया को चेतावनी
एसपी ने स्पष्ट किया कि जनहित, पर्यावरण संरक्षण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध खनन के विरुद्ध पुलिस जिला नूरपुर की जीरो टालरेंस नीति के तहत कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यह भी पढ़ें: शिमला रिज मैदान पर बिना परमिशन चल रही थी शूटिंग, मेयर ने लिया एक्शन; वीडियो बनाने के लिए नियम भी बताए |