रेलवे ट्रैक से हाईवा चालक को रेस्क्यू करते पुलिस और सीआइएसएफ के अधिकारी-जवान।
संवाद सहयोगी, जागरण, ललमटिया (गोड्डा)। जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र के जाताखूंटी पहाड़ी के पास सोमवार की अल सुबह एक हाईवा रेल ब्रिज की रेलिंग को तोड़ते हुए रेल ट्रैक पर जा गिरा। घटना के संबंध में बताया जाता है कि ललमटिया एमजीआर रेलवे लाइन से गुजर रही मालगाड़ी से दुर्घटनगरस हाईवा हादसे के बाद फंस गया।
हाईवा संख्या जेएच 12 एस 7078 मुख्य सड़क से करीब 40फिट नीचे रेलवे ट्रैक में जा गिरा, कोयला लोड लेने जा रही रैक के बीच हाईवा फंस गया।इस हादसे में हाईवा का चालक और खलासी बुरी तरह से घायल हो गया । घटना के बाद करीब दो घंटे तक खलासी मनीष कुमार और ट्रक चालक लालू कुमार केबिन में ही फंसा रहा ।
घटना की सूचना के बाद स्थानीय ग्रामीणों एवं ललमटिया थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची । थाना प्रभारी रौशन कुमार सिंह एवं पुलिस बलों ने हाईवा के केबिन में फंसे चालक लालू कुमार को पहले किसी तरह बाहर निकला। जबकि खलासी को निकलने के लिए एनटीपीसी की रेस्क्यू टीम को यहां बुलाया गया।
रेस्क्यू टीम के शुभाशीष बनर्जी एवं उनके सहयोगियों के पहुंचने के आधे घंटे बाद ट्रक के केबिन में फंसे खलासी मनीष कुमार को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाल लिया गया। दोनों घायल को इलाज के लिए महागामा रेफरल अस्पताल भेजा गया।
फिलहाल रेलवे ट्रैक में फंसे हाईवा को निकालने के लिए एनटीपीसी की टीम कवायद कर रही है। घटनास्थल पर हाइड्रा आदि मंगाया गया है। |