पांडेयहाता में बनने वाले शापिंग कांप्लेक्स के पहले तल पर इस तरह से बनेंगी दुकानें। जागरण
राजीव रंजन, गोरखपुर। लाल डिग्गी पार्क रोड पर शहर के व्यावसायिक क्षेत्र पांडेयहाता में नगर निगम की ओर से करीब 25 करोड़ (2463.93 लाख) रुपये की लागत से आधुनिक शापिंग कांप्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। इसमें विरासत गलियारा निर्माण के दौरान विस्थापित दुकानदारों को प्राथमिकता के आधार पर दुकानें आवंटित की जाएंगी।
बेसमेंट समेत यह कांप्लेक्स पांच मंजिला होगा। इसमें 62 दुकानों के अलावा 65 गाड़ियों की पार्किंग की भी व्यवस्था रहेगी। कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएंडडीएस) ने इसका प्रस्ताव तैयार कर नगर निगम को दे दिया है। शासन के द्वारा स्वीकृति के बाद यह कांप्लेक्स करीब डेढ़ साल में बनकर तैयार होगा।
बेसमेंट समेत पांच मंजिला होगा कांप्लेक्स, 62 दुकानों की व्यवस्था
प्रस्तावित कांप्लेक्स बेसमेंट समेत कुल पांच मंजिला होगा। चार मंजिलों पर 62 दुकानों का निर्माण किया जाएगा, जबकि बेसमेंट में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। परिसर में 65 दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था होगी, जिससे बाजार क्षेत्र में यातायात का दबाव कम किया जा सके।
इसमें 25 चार पहिया वाहन और 40 दो पहिया वाहन आसानी से खड़े किए जा सकेंगे। नगर निगम और सीएंडडीएस के अधिकारियों के अनुसार, भवन का डिजाइन आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। दुकानों का आकार इस प्रकार रखा जाएगा कि छोटे और मध्यम श्रेणी के व्यापारी भी आसानी से व्यवसाय संचालित कर सकें। भवन में लिफ्ट, सीढ़ियां, अग्निशमन प्रणाली और पर्याप्त रोशनी व वेंटिलेशन की व्यवस्था भी की जाएगी।
कांप्लेक्स का प्रस्ताव जल निगम की कार्यदायी संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सी एंड डीएस) द्वारा तैयार कर नगर निगम को सौंप दिया गया है। तकनीकी मानकों और व्यावसायिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन तैयार किया गया है। शासन से स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
नगर निगम की योजना के अनुसार इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य विरासत गलियारा निर्माण के दौरान अव्यवस्थित हुए दुकानदारों को स्थायी और सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराना है। दुकान आवंटन में पारदर्शिता बरती जाएगी और प्रभावित दुकानदारों को प्राथमिकता दी जाएगी। अभी हाल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल को इस संबंध में निर्देश दिया है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर नकहा ओवरब्रिज पर लगा विशाल धनुषाकार गर्डर, साढ़े तीन घंटे में पूरा हुआ काम
व्यापार और यातायात व्यवस्था को मिलेगा लाभ
पांडेयहाता क्षेत्र पहले से ही व्यावसायिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। नए कांप्लेक्स के निर्माण से व्यापारिक गतिविधियों को संगठित स्वरूप मिलेगा। अवैध कब्जों और अस्थायी दुकानों की समस्या में भी कमी आएगी। साथ ही, पार्किंग सुविधा उपलब्ध होने से जाम की समस्या में राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार यह कांप्लेक्स शहर के शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। विरासत गलियारा परियोजना से जुड़े व्यापारियों को स्थायी समाधान देने के साथ ही यह परिसर गोरखपुर के बाजार ढांचे को आधुनिक रूप प्रदान करेगा।
पांडेयहाता में बनने वाले शापिंग कांप्लेक्स में विरासत गलियारा निर्माण के दौरान विस्थापित दुकानदारों को प्राथमिकता दी जाएगी। सीएंडडीएस की ओर से प्रोजेक्ट का खाका तैयार कर लिया गया है। जल्द ही प्रस्ताव शासन को भेज दिया जाएगा। -
-गौरव सिंह सोगरवाल, नगर आयुक्त। |
|