LHC0088 • 3 hour(s) ago • views 921
अस्पताल में उपचाराधीन युवक के बयान दर्ज कहते हुए पुलिस।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। पंजाब के अमृतसर जिले के कत्थूनंगल बाईपास पर एक्सीडेंट का बहाना बनाकर लूट और मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित दविंदर सिंह ने पुलिस और सरकार से लुटेरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार दविंदर सिंह जम्मू से अमृतसर लौट रहे थे। रात करीब नौ बजे जब वह कत्थूनंगल बाईपास के पास पहुंचे तो सड़क पर कुछ गाड़ियां टेढ़ी खड़ी दिखाई दीं। उन्होंने साइड से निकलने की कोशिश की, लेकिन उनकी कार वहां खड़ी दूसरी गाड़ी से हल्की टकरा गई। आरोप है कि इसके तुरंत बाद 8-9 अज्ञात युवक मौके पर आ गए।
यह भी पढ़ें- एक तरफा प्यार में हत्या! युवती की शादी की बात चली, पार्क में मिलने बुलाया और उतार दिया मौत के घाट, आरोपित गिरफ्तार
पहले कार के शीशे तोड़े, फिर किया हमला
पीड़ित का कहना है कि युवकों ने पहले उनकी कार के शीशे और बॉडी पर हमला कर तोड़फोड़ की। इसके बाद उन्हें कार से बाहर निकालकर बेरहमी से पीटा गया। मारपीट के दौरान उनके गले से सोने की चेन, जेब में रखी नकदी और गाड़ी में रखे जरूरी कागजात लूट लिए गए। दविंदर सिंह ने बताया कि किसी तरह जान बचाकर वह घर पहुंचे और परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी। बाद में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क पर इस तरह गिरोह सक्रिय हैं तो आम नागरिकों की सुरक्षा खतरे में है। पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की जाए और सड़क पर गश्त बढ़ाई जाए।
यह भी पढ़ें- पंजाब के फाजिल्का में भीषण सड़क हादसा, ब्रेक फेल होने से टकराई कार; दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत
पुलिस ने बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू की
अस्पताल में बयान दर्ज करने पहुंचे सब इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह ने बताया कि कत्थूनंगल बाईपास के पास एक्सीडेंट की सूचना मिली थी। पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और उनके आधार पर बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों को जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- पंजाब में अब कार्यरत शिक्षकों के लिए भी PSTET अनिवार्य, 7 मार्च को होगी विशेष परीक्षा; जानें क्या हैं शर्तें |
|