गोदरेज ग्रुप में हो रही बड़े बदलाव की तैयारी
नई दिल्ली। गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप (GIG) की होल्डिंग कंपनी गोदरेज इंडस्ट्रीज ने मौजूदा चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर नादिर गोदरेज (Nadir Godrej) के लिए एक्सटेंशन का प्रस्ताव रखा है। नादिर अगस्त में पिरोजशा गोदरेज (Pirojsha Godrej) को चार्ज सौंपने वाले हैं। इससे भारत के सबसे पुराने बिजनेस ग्रुप में से एक में लीडरशिप में पीढ़ीगत बदलाव होगा। गोदरेज इंडस्ट्रीज 75 साल के नादिर गोदरेज को अप्रैल से अगस्त तक फिर से अपॉइंट करने के लिए एक स्पेशल प्रस्ताव के जरिए शेयरहोल्डर की लेगी। बता दें कि गोदरेज ग्रुप की शुरुआत 129 साल पहले 1897 में हुई थी, जिसका पहला प्रोडक्ट ताला था।
परिवार का कौन-सा सदस्य किस ग्रुप में है?
बता दें कि आदि गोदरेज के बेटे पिरोजशा फिलहाल GIG के एग्जीक्यूटिव वाइस-चेयरपर्सन और गोदरेज प्रॉपर्टीज, गोदरेज कैपिटल और गोदरेज फंड मैनेजमेंट के चेयरपर्सन हैं। पिरोजशा गोदरेज परिवार के सेटलमेंट एग्रीमेंट को फाइनल करने के लिए GIG की ओर से बातचीत भी संभाल चुके हैं।
बता दें कि अप्रैल 2024 में, गोदरेज ग्रुप को आपसी सहमति से दो कजन्स के बीच बाँट दिया गया। इसमें GIG, जिसे आदि और नादिर गोदरेज चलाते हैं, और गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप (GEG), जिसे परिवार की दूसरी ब्रांच चलाती है। पिरोजशा गोदरेज के भाई-बहन भी GIG में एक्टिव रूप से शामिल हैं, जिसमें निसाबा गोदरेज गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की चेयरपर्सन और तान्या दुबाश GIG की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और चीफ ब्रांड ऑफिसर हैं।
वहीं नादिर गोदरेज के बच्चे भी ग्रुप का हिस्सा हैं। इनमें बुर्जिस गोदरेज एस्टेक लाइफसाइंसेज के MD हैं, जबकि छोटे बेटे होर्माज्द गोदरेज हाल ही में गोदरेज एग्रोवेट में शामिल हुए हैं।
इन सेक्टरों पर GIG का फोकस
GIG 6 मेन सेक्टर्स पर फोकस करती है, जिनमें फास्ट-मूविंग कंज्यूमर गुड्स (FMCG), रियल एस्टेट, केमिकल्स, एग्री-बिजनेस, फाइनेंशियल सर्विसेज और रियल एस्टेट प्राइवेट इक्विटी शामिल हैं। माना जा रहा है कि पिरोजशा गोदरेज परफॉर्मेंस पर आधारित काम करने के लिए जाने जाते हैं और यह बदलाव सभी सेक्टर में ग्रोथ को तेज करने के मकसद से नई रफ्तार और अगली पीढ़ी की लीडरशिप का संकेत है।
GIG की पांच लिस्टेड कंपनियां
- गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स
- गोदरेज प्रॉपर्टीज
- गोदरेज इंडस्ट्रीज
- गोदरेज एग्रोवेट
- एस्टेक लाइफसाइंसेज
कुल वैल्यू ₹2.27 लाख करोड़
इन पांचों कंपनियों की कुल वैल्यू ₹2.27 लाख करोड़ है। पांचों लिस्टेड कंपनियों ने FY25 में लगभग ₹53,813 करोड़ का रेवेन्यू और ₹4,529 करोड़ का प्रॉफिट कमाया। 30 अप्रैल, 2024 को बंटवारे की घोषणा के बाद से पूरे ग्रुप का परफॉर्मेंस मिला-जुला रहा है।
गोदरेज एग्रोवेट और गोदरेज इंडस्ट्रीज के शेयर 17% और 8% उछले हैं, जबकि गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 1% नीचे आया है। वहीं गोदरेज प्रॉपर्टीज और एस्टेक लाइफसाइंसेज में बड़े मार्केट उतार-चढ़ाव के बीच क्रमशः 31% और 50% की गिरावट आई है। ग्रुप लेवल पर, मई 2024 से मार्केट कैपिटलाइजेशन में ₹16,902 करोड़ का नुकसान हुआ है।
ये भी पढ़ें - टाटा इन्वेस्टमेंट के शेयर में 13% की बंपर उछाल, एन चंद्रशेखरन के तीसरे कार्यकाल पर नई अपडेट से मिला सपोर्ट |