इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
संवाद सहयोगी, औराई (मुजफ्फरपुर)। मुजफ्फरपुर से जुड़ा एक मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल द्वारा अपनी ही महिला शिक्षिका से नेपाल में शादी रचाने की खबर सामने आई है, जहां दोनों के बीच 32 साल का उम्र का अंतर बताया जा रहा है।
हालांकि कहानी यहीं खत्म नहीं होती, युवती के भाई ने इस शादी को अपहरण का मामला बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। शादी, उम्र का फासला और अपहरण के दावे के बीच सच्चाई क्या है, यह अब जांच के दायरे में है और पूरे घटनाक्रम ने इलाके में हलचल मचा दी है।
स्कूल संचालक पर शिक्षिका के अपहरण का गंभीर आरोप
औराई में वीआइपी पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष एवं एक निजी स्कूल के संचालक राकेश कुमार साह (60) पर अपनी ही विद्यालय की 28 वर्षीय शिक्षिका का शादी की नीयत से अपहरण करने का आरोप लगा है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल उत्पन्न हो गया है। मामले में अपहृत शिक्षिका के भाई ने औराई थाने में लिखित आवेदन देकर राकेश कुमार साह सहित कुल सात लोगों को नामजद किया है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि उसकी बहन को बहला-फुसलाकर 18 फरवरी को शादी की नीयत से ले जाया गया। जब काफी खोजबीन के बाद भी वह नहीं मिली, तो थाने में आवेदन दिया गया। पुलिस से शीघ्र बरामदगी की गुहार लगाई गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शिक्षिका पिछले 10 वर्षों से उक्त विद्यालय में पढ़ा रही थी और वह पूर्व में उस विद्यालय की छात्रा भी रह चुकी है।
इस बीच, कथित शादी को लेकर कुछ फोटो और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं, जिनमें सीतामढ़ी के एक मंदिर में शादी होने की बात कही जा रही है, हालांकि प्रसारित फोटो और वीडियो की पुष्टि दैनिक जागरण नहीं करता है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि एक शिक्षक और विद्यालय संचालक पर लगे इस प्रकार के आरोप से शिक्षा जगत की छवि धूमिल हुई है।
औराई थाने की प्रभारी थानाध्यक्ष सनोवर परवीन ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है। जल्द ही स्थिति स्पष्ट होगी। |