LHC0088 • 3 hour(s) ago • views 160
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, आरा। विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने और नई परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से निकाली जा रही समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 से 22 मार्च के बीच जिले आने की संभावना है।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। डीएम के नेतृत्व में सभी विभागों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है और विकास कार्यों को अंतिम रूप देने का प्रयास तेज कर दिया गया है, ताकि जिले में चल रही योजनाओं की प्रगति प्रभावी ढंग से प्रस्तुत की जा सके।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री का कार्यक्रम आरा, संदेश, उदवंतनगर और बिहिया प्रखंडों में केंद्रित रह सकता है। आरा के मझौवा हवाई अड्डा परिसर में संवाद कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है, जहां विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद और विकास कार्यों की समीक्षा की संभावना है।
कार्यक्रम स्थल के चयन से लेकर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और जनसम्पर्क तक सभी बिंदुओं पर सूक्ष्म स्तर पर तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री आरा शहर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का उद्घाटन कर सकते हैं।
इसके साथ ही शहर में प्रस्तावित रिंग रोड परियोजना की प्रगति की समीक्षा भी उनके एजेंडे में शामिल मानी जा रही है। यह परियोजना शहर के बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और भविष्य की शहरी जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है।
इसके अतिरिक्त संदेश प्रखंड में कोईलवर–संदेश बांध सड़क परियोजना का निरीक्षण संभावित है, जो क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने में अहम भूमिका निभाएगी। इसके साथ वहां कई अन्य कार्य भी है।
मुख्यमंत्री उदवंतनगर के जीरो माइल गोलंबर से पातर और जीरो माइल-असनी तक प्रस्तावित सड़क निर्माण तथा असनी-वामपली सड़क का निरीक्षण कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए जिले में अधूरी परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने की दिशा में युद्धस्तर पर काम चल रहा है।
संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया है कि कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा से किसी प्रकार का समझौता न हो। साफ-सफाई, सुंदरीकरण और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
समृद्धि यात्रा को विकास की समीक्षा और नई घोषणाओं की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में भोजपुर जिला प्रशासन इसे उपलब्धियों को प्रदर्शित करने और नई परियोजनाओं के लिए मार्ग प्रशस्त करने के अवसर के रूप में देख रहा है।
कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे ने जिले में विकास कार्यों की रफ्तार और प्रशासनिक सक्रियता दोनों को नई ऊर्जा दे दी है। |
|