ट्रेनों में चढ़ने की कोशिश करते यात्री। जागरण
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। होली के त्योहार के चलते उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल की तरफ जाने वाली ट्रेनों में सीटें फुल हो गई हैं। कई एक्सप्रेस ट्रेनों में वेटिंग टिकट भी नहीं मिल रहे हैं।
ऐसे में लखनऊ, गोरखपुर, बिहार और बंगाल की तरफ जाने वाले यात्रियों को जनरल डिब्बों में या फिर बसों का सहारा लेना पड़ेगा।
गुड़गांव रेलवे स्टेशन से उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल के लिए सीधी ट्रेनें काफी कम संख्या में संचालित होती हैं। इसलिए बड़ी संख्या में यात्री दिल्ली से अपना रिजर्वेशन कराते हैं। लेकिन दिल्ली से भी संचालित होने वाली अधिकतर ट्रेनों में सीटें फुल हैं।
गुड़गांव रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली कई एक्सप्रेस ट्रेनों में वेटिंग टिकट भी नहीं मिल पा रहे हैं। बहुत से यात्री तत्काल टिकट के सहारे घर बैठे हुए हैं। स्टेशन पर ट्रेन आने से 24 घंटे पहले तत्काल टिकट लिया जा सकता है।
तत्काल टिकट भी मुश्किल
होली के त्योहार को लेकर बड़ी संख्या में यात्रियों के होने से तत्काल टिकट भी आसानी से मिल पाना मुश्किल होगा। ऐसे में लोग आनलाइन के साथ ही विंडो टिकट के लिए भी रेलवे स्टेशन पर पहुंचेंगे। इस बार चार मार्च को होली है।
यह भी पढ़ें- रेल यात्रियों को मिलेंगी आन-बोर्ड स्टाफ की बर्थ, ट्रेनों में कम होगी वेटिंग टिकट की लाइन
इससे पहले वीकेंड 28 फरवरी और एक मार्च को पड़ रहा है। ऐसे में कई नौकरीपेशा लोग 28 फरवरी और एक मार्च को घर जाने की योजना बना रहे हैं। 28 फरवरी से लेकर तीन मार्च के बीच चलने वाली ट्रेनों में काफी बुरा हाल है।
इन ट्रेनों में एक आध को छोड़ दिया जाए तो सभी ट्रेनों में वेटिंग टिकट भी नहीं मिल पा रहा है। सभी में रिग्रेट लिखा हुआ है। रिग्रेट यानी टिकट नहीं दिया जा सकता। वेटिंग टिकट की संख्या पूरी होने पर टिकट नहीं दिया जाता है।
आम दिनों में रहती है भीड़
गुड़गांव रेलवे स्टेशन से यूपी, बिहार और बंगाल की तरफ जाने वाली ट्रेनों की सीमित संख्या होने के कारण आम दिनों में भी ट्रेनों में घुसने को लेकर मारामारी रहती है। ऐसे में होली के दौरान भीड़ बढ़ सकती है।
इससे हालात का अंदाजा लगाना भी मुश्किल होगा। शुक्रवार शाम भी बरेली की तरफ जाने वाली एक ट्रेन में काफी भीड़ रही।
ट्रेनों में वेटिंग की स्थिति
तिथि ट्रेन स्लीपर थर्ड एसी सेकेंड एसी प्रथम एसी
28 फरवरी
14322 भुज बरेली एक्सप्रेस
रिग्रेट
रिग्रेट
रिग्रेट
कोच नहीं
28 फरवरी
19601 उदयपुर-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस
191
102
रिग्रेट
कोच नहीं
28 फरवरी
19269 पोरबंदर मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस
रिग्रेट
रिग्रेट
रिग्रेट
रिग्रेट
28 फरवरी
15091 दुराई टनकपुर एक्सप्रेस
रिग्रेट
कोच नहीं
रिग्रेट
रिग्रेट
1 मार्च
14322 भुज बरेली एक्सप्रेस
रिग्रेट
रिग्रेट
रिग्रेट
कोच नहीं
2 मार्च
14322 भुज बरेली एक्सप्रेस
रिग्रेट
रिग्रेट
रिग्रेट
कोच नहीं
2 मार्च
15716 गरीब नवाज एक्सप्रेस
145
रिग्रेट
24
2
2 मार्च
15091 दुराई टनकपुर एक्सप्रेस
रिग्रेट
कोच नहीं
19
4
3 मार्च
14322 भुज बरेली एक्सप्रेस
रिग्रेट
रिग्रेट
5
कोच नहीं
3 मार्च
15716 गरीब नवाज एक्सप्रेस
87
18
11
2
3 मार्च
20939 साबरमती-सुलतानपुर एक्सप्रेस
रिग्रेट
12
8
कोच नहीं
रेलवे से स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग
होली के त्योहार को देखते हुए गुरुग्राम से उत्तर प्रदेश, बिहार, बंगाल व अन्य राज्यों को जाने वाले यात्रियों ने स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग की है। लोगों ने कहा कि ट्रेनों में टिकट न मिलने से उन्हें यात्रा में काफी परेशानी हो सकती है।
डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ सकता है। डग्गामार वाहन किराया तो ज्यादा लेते ही हैं, यात्रियों की संख्या में भी उसमें ज्यादा होती है। डग्गामार वाहनों में यात्रा करना बिलकुल भी सुरक्षित नहीं है। ऐसे में रेलवे को उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल के लिए स्पेशल ट्रेनें चलानी चाहिए।
यह भी पढ़ें- वेटिंग के फेरे में फंसे यात्री... इस स्टेशन पर अतिरिक्त कोच नामुकिन, होली स्पेशल ट्रेन पर टिकी निगाहें |
|