गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की पहल पर दिल्ली सरकार आई आगे. File
राज्य ब्यूरो, देहरादून। दिल्ली के जनकपुरी क्षेत्र में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले उत्तराखंड के रिखणीखाल ब्लाक के ग्राम खंदवाड़ी निवासी युवक कमल ध्यानी के स्वजन को दिल्ली सरकार नौकरी देगी। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की पहल पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मृतक युवक के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने के साथ परिवार के एक सदस्य को रोजगार उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
नई दिल्ली में कुछ समय पहले उत्तराखंड निवासी कमल ध्यानी की जनकपुरी में सड़क पर बने गड्ढे में गिरने से असामयिक मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद सांसद बलूनी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीडि़त परिवार को साथ लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
सांसद बलूनी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी देश की महत्वपूर्ण शक्ति हैं और संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ा रहना जनप्रतिनिधि का दायित्व है। उन्होंने दिल्ली सरकार की संवेदनशीलता के लिए आभार जताया और कहा कि परिवार को न्याय और सहयोग दिलाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
बताते चलें कि सांसद बलूनी ने इससे पूर्व भी पिथौरागढ़ के स्वर्गीय कुंदन के मामले में उन्होंने परिवार की सहायता के लिए पहल की थी और आगे भी उत्तराखंड के प्रवासी भाइयों-बहनों के हितों की रक्षा हेतु निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
यह भी पढ़ें- जनकपुरी हादसे पर फूटा गुस्सा: कमल ध्यानी की मौत के दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग; सड़क पर उतरे लोग
यह भी पढ़ें- मोबाइल टॉर्च से चलाया तलाशी अभियान, कमल ध्यानी के भाई ने पुलिस की खानापूर्ति पर उठाए सवाल |
|