जागरण संवाददाता, प्रयागराज। बीएसएनएल के डायरेक्टर विवेक बंजल का 25 फरवरी को प्रस्तावित दौरा निरस्त हो गया है। इस बाबत डीजीएम द्वारा 19 फरवरी को प्रोटोकॉल जारी किया गया था। इसमें 50 अधिकारियों की फौज लगा दी गई थी।
सभी की जिम्मेदारी तय की गई थी। इसमें साबुन, तेल से लेकर अंडरवियर तक की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। यही प्रोटोकॉल इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया। इसके एक दिन बाद अचानक डायरेक्टर का दौरा निरस्त हो गया।
बीएसएनएल के डायरेक्टर विवेक बंजल को 25 फरवरी को यहां आना था। इसे लेकर 19 फरवरी को प्रोटोकॉल जारी किया गया। इसमें दौरे को लेकर मिनट टू मिनट डायरेक्टर कहां जाएंगे, सब कुछ निर्धारित किया गया। इसमें किस अधिकारी को क्या जिम्मेदारी सौंपी गई, इसका भी जिक्र किया गया था।
संगम स्नान के दौरान तौलिया, शीशा-कंघी, अंडर गारमेंट की भी व्यवस्था करने की जिम्मेदारी एक अधिकारी को सौंपी गई। यह प्रोटोकॉल इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया। हालांकि, प्रसारित इस प्रोटोकॉल की पुष्टि दैनिक जागरण नहीं करता है।
इंटरनेट पर प्रोटोकॉल प्रसारित होते ही यूजर तरह-तरह के कमेंट करने लगे। मामला विभागीय अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा तो खलबली मच गई। इसके बाद डायरेक्टर बंजल का दौरा निरस्त कर दिया गया।
बीएसएनएल के जनसंपर्क अधिकारी आशीष गुप्ता का कहना है कि प्रोटोकॉल में किसे क्या जिम्मेदारी सौंप गई थी, उन्हें नहीं पता। डायरेक्टर का प्रस्तावित दौरा निरस्त हो गया है। ऐसे में पूर्व में जो भी प्रोटोकाल जारी हुआ था, वह स्वत: अप्रभावी हो गया है। |