अररिया आएंगे अमित शाह। (फाइल फोटो)
दीपक कुमार गुप्ता, सिकटी (अररिया)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित साह 25 फरवरी को अररिया आ रहे हैं। वे यहां लेटी में एसएसबी के प्रशासनिक भवन का उद्घाटन करेंगे।
गृहमंत्री के दौरे को लेकर सोनामनी गुदाम से आमबाड़ी तक लगभग 38 किमी की भारत-नेपाल सीमा पर प्रशासनिक गतिविधि तेज हो गई हैं।
वे सिकटी प्रखंड अंतर्गत एसएसबी 52वीं वाहिनी लेटी कंपनी परिसर में नव निर्मित प्रशासनिक भवन का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम को लेकर एसएसबी के आईजी, डीआईजी, कमांडेंट सहित प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी लगातार इंडो-नेपाल सीमा का निरीक्षण कर रहे हैं।
शुक्रवार को एसएसबी सीमांत मुख्यालय पटना के महानिरीक्षक निशिद कुमार उज्जवल, क्षेत्रीय मुख्यालय पूर्णिया के उप महानिरीक्षक राजेश टिक्कू तथा एसएसबी 52वीं वाहिनी के कमांडेंट महेंद्र प्रताप ने संयुक्त रूप से सीमावर्ती संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। साथ हीं कानून व्यवस्था की समीक्षा की।
वहीं, हेलीपेड स्थल का अधिकारियों ने जायजा लिया। संभावित कार्यक्रम के मद्देनजर इंडो-नेपाल सीमा से सटे सभी थाना प्रभारियों, प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी, एसएसबी के कंपनी व बीओपी प्रभारी तथा पुलिस बल को रात्रि गश्ती बढ़ाने, सघन वाहन जांच चलाने, संदिग्ध पर पैनी नजर रखने, आई कार्ड की जांच करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने का सख्त निर्देश दिया गया है।
सीमा सुरक्षा को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल के साथ समन्वय बढ़ाने पर भी बल दिया गया। संयुक्त गश्ती तेज करने और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
लेटी कंपनी के नवनिर्मित प्रशासनिक भवन का होगा उद्घाटन
बताया जा रहा है कि 25 फरवरी को गृहमंत्री अमित साह लेटी कंपनी परिसर स्थित एसएसबी के नव निर्मित प्रशासनिक भवन का उद्घाटन कर सकते हैं। इसी संभावना को देखते हुए प्रशासनिक सक्रियता बढ़ी है।
कार्यक्रम को लेकर अब तक कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है। प्रस्तावित दौरे को देखते हुए पुलिस विभाग में सतर्कता और बढ़ा दी है। एसएसबी व पुलिस विभाग के वरीय अधिकारी के आदेश पर विशेष परिस्थिति को छोड़कर पुलिस पदाधिकारियों, एसएसबी अधिकारियों, बल और कर्मियों के सभी प्रकार के अवकाश अगले आदेश तक रद कर दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि विशेष मामलों में अवकाश की स्वीकृति केवल एसपी तथा एसएसबी कमांडेंट स्तर से ही दी जाएगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस है भवन
एसएसबी सूत्रों की मानें तो लेटी कंपनी का नव निर्मित प्रशासनिक भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस है। यह दो मंजिला भवन है। एसएसबी 52वीं वाहिनी हेड क्वार्टर अररिया अंतर्गत लेटी का पहला प्रशासनिक भवन है।
इसमें करीब 250 जवान व अधिकारियों के रहने के लिए कई कमरे बने हैं। इसमें जवानों को रहने के लिए आवास, भोजनालय, रसोईघर, बाथरूम, कार्यालय, समीक्षा हाल, शस्त्रागार, वीआइपी रूम, खेल का मैदान, पार्किंग, पार्क सहित कई सुविधा से लैस है।
सदर एसडीओ बलबीर दास ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे की पुष्टि की है। बताया कि कार्यक्रम को लेकर तैयारी चल रही है। |