तलवार निकाल लुटेरों को खदेड़ रही एनआरआई महिला। फोटो जागरण
संवाद सहयोगी, लुधियाना। महिलाएं कमजोर नहीं, यह एक बार फिर साबित कर दिखाया एनआरआई महिला हरजिंदर कौर मांगट ने। शुक्रवार रात गांव राजगढ़ के नहर वाले रास्ते पर लूट की नीयत से पीछा कर रहे बाइक सवार बदमाशों को उन्होंने तलवार निकालकर ऐसी ललकार लगाई कि दोनों युवक मौके से फरार हो गए।
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होते ही पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया। हरजिंदर कौर मांगट, जो 15 दिन पहले ही ऑस्ट्रेलिया से अपने पैतृक गांव राजगढ़ पहुंची हैं, शुक्रवार रात अपनी सास और चाची के साथ डेहलों में रिश्तेदारी में जा रही थीं। कार नहर वाले सुनसान रास्ते से गुजर रही थी कि तभी उन्हें अहसास हुआ कि एक मोटरसाइकिल सवार लगातार उनका पीछा कर रहा है।
पहले तो उन्होंने सामान्य स्थिति समझकर बाइक सवार को आगे निकलने के लिए रास्ता दिया, लेकिन दोनों युवक जानबूझकर कभी कार के आगे तो कभी पीछे आकर संदिग्ध हरकतें करने लगे। खतरे की आशंका भांपते हुए उनकी चाची ने एहतियातन मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
इसी दौरान बाइक सवारों ने कार के शीशे पर अंडे फेंक दिए। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कार के भीतर घबराहट का माहौल बन गया। बाइक सवार आगे जाकर रुक गए, मानो किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हों।
हालांकि, बदमाशों को अंदाजा नहीं था कि कार में बैठी महिला मुकाबले के लिए तैयार है। हरजिंदर कौर ने बताया कि उनकी कार में तलवार रखी थी। जैसे ही वह तलवार लेकर कार से बाहर निकलने लगीं, उनकी चाची ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी।
तलवार हाथ में लेकर बदमाशों को ललकारा
तलवार हाथ में लेकर वह बदमाशों की ओर बढ़ीं और उन्हें ललकारा। महिला के इस तेवर को देख दोनों युवक घबरा गए और मोटरसाइकिल मोड़कर मौके से भाग निकले। परिवार के सदस्य द्वारा बनाई गई पूरी घटना की वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गई।
दिनभर लोग इस बहादुर महिला की पहचान जानने को उत्सुक रहे। इंटरनेट मीडिया पर लोगों ने उनकी हिम्मत की सराहना करते हुए उन्हें शेरनी तक कह डाला।
पुलिस आरोपितों की पहचान करने में जुटी
इस मामले में पुलिस ने भी वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। हरजिंदर कौर मांगट ने बातचीत में कहा कि वर्तमान हालात को देखते हुए हर व्यक्ति को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह हमेशा सतर्क रहती हैं और आत्मरक्षा के लिए तैयार रहती हैं। |
|