पोस्टमार्टम हाउस पर जुटे लोग। (जागरण)
संवाद सूत्र, अधौरा। थाना क्षेत्र के खामकला गांव में एक महिला ने पति की सड़क दुघर्टना में मौत के बाद महुआ के पेड़ में फंदे में लटक कर जान दे दी।
मृतका खामकला गांव निवासी स्व. हीरालाल खरवार की पत्नी हेवंती देवी 32 वर्ष थी। मिली जानकारी के अनुसार खामकला गांव निवासी शिवचरण खरवार के पुत्र हीरालाल खरवार की मौत बीते 18 फरवरी को यूपी के धीपा नामक स्थान पर सड़क दुर्घटना में हो गई।
अब उसकी दूसरी पत्नी हेवंती देवी ने भी अपने पति के मरने के बाद आत्महत्या कर ली। सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे स्वजन ने बताया कि महिला शुक्रवार की सुबह शौच जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी।
इसके बाद ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। इसी दौरान गांव से उत्तर दिशा में स्थित एक महुआ के पेड़ से उसका शव फंदे से लटका मिला।
मृतका के ससुर शिवचरण सिंह ने बताया कि 18 फरवरी को उसके पति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। वह खलिहारी से बाजार कर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी धीपा वनसती मां मंदिर के पास हादसा हो गया था।
पति की मौत के बाद से ही महिला मानसिक रूप से परेशान थी। हालांकि, आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है।
महिला का छह माह का एक पुत्र है। सूचना मिलते ही अधौरा पुलिस मौके पर पहुंची, जहां पंचनामा कर शव को सदर अस्पताल पोस्टमार्टम कराया गया है। वहीं मामले को लेकर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। |
|