इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।
जागरण संवादादता, देहरादून । उत्तराखंड बोर्ड की वार्षिक परीक्षाएं शनिवार से शुरू हो गई हैं। इस बार देहरादून जिले में कुल 24,327 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। इनमें 11,371 बालक और 12,956 बालिकाएं शामिल हैं। बीते साल 2025 में जिले में 25,764 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी, जिससे इस बार 1,437 परीक्षार्थियों की संख्या में गिरावट देखी गई है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल ने बताया कि देहरादून जिले में परीक्षा के लिए 123 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर तैयारी पूरी कर ली गई है और छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जिला प्रशासन की ओर से 25 सेक्टर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है।
इसके अलावा विभाग स्तर पर सचल दल गठित किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मोबाइल फोन, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरणों का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा, परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट बाद किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए पृथक और सुगम व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इन्हें परीक्षा में प्रति घंटा 20 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। विभाग ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचे और परीक्षा नियमों का पालन करें।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाएं शनिवार से होंगी शुरू, इस बार 2.15 लाख छात्र देंगे इम्तिहान
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड बोर्ड में अधिकारियों की कमी, बढ़ रहा काम का अतिरिक्त बोझ |