search

भागलपुर, बेंगलुरु, दिल्ली, मुंबई रूट पर ‘रिग्रेट’; विक्रमशिला, अंग व एलटीटी में वेटिंग, कितनी स्पेशल ट्रेनें चलेंगी?

LHC0088 3 hour(s) ago views 788
  

होली से पहले ट्रेन टिकट के लिए हाहाकार, जानें किन ट्रेनों में सबसे ज्यादा वेटिंग



जागरण संवाददाता, भागलपुर। होली और विवाह सीजन के साथ ही रमजान की शुरुआत ने लंबी दूरी की ट्रेनों में भीड़ बढ़ा दी है। भागलपुर से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु सहित अन्य महानगरों के लिए चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। कई ट्रेनों में ‘रिग्रेट’ की स्थिति है, जबकि अधिकांश श्रेणियों में लंबी वेटिंग चल रही है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अब तक दो होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की गई है, लेकिन यात्रियों की संख्या को देखते हुए यह पर्याप्त नहीं माना जा रहा।

भागलपुर-आनंद विहार के बीच चलने वाली विक्रमशिला एक्सप्रेस में फरवरी तक सभी श्रेणियों में लंबी वेटिंग है। वेटिंग सूची 42 से 88 तक पहुंच चुकी है। वहीं आनंद विहार से भागलपुर आने वाली इस ट्रेन में कई तिथियों पर ‘रिग्रेट’ की स्थिति बनी हुई है। पांच मार्च तक स्लीपर में 66 से 77, एसी टू में 23 से 32 और एसी थ्री में 39 से 47 तक वेटिंग दर्ज की गई है।

इसी तरह साप्ताहिक अंग एक्सप्रेस में भी टिकटों के लिए मारामारी है। स्लीपर से लेकर एसी कोचों तक तीन अप्रैल तक 53 से 79 तक वेटिंग चल रही है। यशवंतपुर से भागलपुर आने वाली इस ट्रेन में भी मार्च तक लगभग यही स्थिति बनी हुई है।

  • विक्रमशिला, अंग एक्सप्रेस, एलटीटी सहित लंबी दूरी की ट्रेनों में रिग्रेट व कंफर्म टिकट के लिए मारामारी की स्थिति
  • अबतक मालदा-आनंद विहार और मालदा-उधना होली एक्सप्रेस चलाने की घोषणा
  • नौ मार्च से बंद होने वाली गांधीधाम एक्सप्रेस को होली स्पेशल के रूप में चलाने का निर्णय लिया गया है


मुंबई रूट की लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस (एलटीटी) में 18 मार्च तक सभी श्रेणियों में 23 से 56 तक वेटिंग है। लोकमान्य तिलक टर्मिनस से भागलपुर आने वाली इस ट्रेन में भी मार्च माह तक टिकटों की लंबी प्रतीक्षा सूची है। वहीं भागलपुर-रांची के बीच चलने वाली वनांचल एक्सप्रेस में भी भीड़ का दबाव बढ़ गया है। हालांकि रेलवे अधिकारियों का कहना है कि समय के साथ टिकटों की स्थिति में बदलाव संभव है।

भीड़ को देखते हुए अब तक मालदा-आनंद विहार और मालदा-उधना के बीच होली स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है। इसके अलावा नौ मार्च से बंद होने वाली गांधीधाम एक्सप्रेस को होली स्पेशल के रूप में चलाने का निर्णय लिया गया है। यात्रियों का कहना है कि भागलपुर से सीधे चलने वाली स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि स्थानीय यात्रियों को राहत मिल सके।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस समय शादी-विवाह का मौसम शुरू हो चुका है। इसके साथ ही रमजान का महीना भी चल रहा है। ऐसे में ट्रेनों में यात्रियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। एक्सप्रेस ही नहीं, पैसेंजर ट्रेनों में भी भीड़ बढ़ रही है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए स्पेशल ट्रेनों के साथ नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की भी जरूरत पड़ सकती है। मांग के अनुसार होली स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष होली के अवसर पर सात से अधिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया था। इनमें गोड्डा-गोमतीनगर स्पेशल, भागलपुर-गांधीधाम स्पेशल, मालदा-आनंद विहार स्पेशल, मालदा-उधना स्पेशल, गुजरात हापा स्पेशल, मालदा टाउन-वलसाड़ स्पेशल और न्यू तिनसुकिया-जयनगर स्पेशल सहित कई ट्रेनें शामिल थीं। इसके अलावा चार से पांच नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी लगाए गए थे।

इस वर्ष भी यात्रियों को उम्मीद है कि रेलवे भीड़ को देखते हुए जल्द ही और स्पेशल ट्रेनों की घोषणा करेगा। फिलहाल लंबी वेटिंग और रिग्रेट की स्थिति ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। समय रहते अतिरिक्त ट्रेनों और कोचों की व्यवस्था होने से हजारों यात्रियों को राहत मिल सकती है।
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
163349